वैशाली जिले के सदर अस्पताल में मरीज के आक्रोशित परिजनों ने घायल युवक का इलाज नहीं करने पर जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान लोगों ने सदर अस्पताल के डॉक्टर चैंबर, इमरजेंसी और अस्पताल परिसर में घंटों तोड़फोड़ और हंगामा करते रहे। सदर अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी और मरीज इधर-उधर भागते रहे।
वैशाली अस्पताल में तोड़फोड़
- फोटो : अमर उजाला
क्या है मामला
मृतक सदर थाना क्षेत्र के चकनुर निवासी दिनेश राय के पुत्र बिहारी कुमार (22) थे। घटना के संबंध में मृतक के दादा चकनूर निवासी राम सिंह का कहना है कि उनका पोता बिहारी ट्रक चलाता है । सदर थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर के निकट सड़क दुर्घटना में बिहारी कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने बिहारी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन डॉक्टरों ने करीब एक घंटे तक उसका इलाज नहीं किया। इस वजह से घायल मरीज की इलाज के अभाव में मौत हो गई। घायल की मौत होने के बाद परिजनों ने उत्पात मचाना शुरू कर दिया। आक्रोशित परिजनों ने सदर अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ और हंगामा किए । इस दौरान लोगों ने इमरजेंसी में दवा और अन्य सामग्री को इधर-उधर फेंक दिया। इसके अलावे डॉक्टर चैंबर के कई सामानों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इमरजेंसी के बाहर लगे कुर्सियों को भी लोगों ने पटक-पटक कर तोड़ दिया।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों और आक्रोशित लोगों को समझने का काफी प्रयास किया । पुलिस का कहना है कि हंगामा के दौरान परिजन शव को लेकर फरार हो गये। गुस्साए परिजनों ने पुलिस के गाड़ी को भी सदर से खदेड़कर अस्पताल से बाहर कर दिया। अस्पताल के कर्मचारी भी अस्पताल से अपनी जान बचाकर भाग खड़े हुए। घटना के संबंध में थानाध्यक्ष का कहना है कि लोगों ने जमकर उत्पात मचाया है। अस्पताल प्रबंधन से बात की गई है। इनका कहना है कि असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।