जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जारी किया पत्र।
- फोटो : अमर उजाला
ठंढ़ बढ़ने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस ठंढ़ को लेकर शिक्षक परेशान थे ही लेकिन इससे बड़ी परेशानी अब यह हो गई है कि शिक्षा विभाग ने नये साल में न सिर्फ इन शिक्षकों के वेतन पर रोक लगाया बल्कि 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण की मांग भी कर दी है। मामला सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर प्रखंड की है।
नये साल में आग सेंकना पड़ा महंगा
ठंढ़ होने की वजह से सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर अंतर्गत इब्राहिमपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिक्षक आग का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान किसी ने फोटो खींचकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यह फोटो नए साल का बताया जा रहा है। अब शिक्षा विभाग ने इन सभी शिक्षकों के वेतन पर तत्काल रोक लगा दिया है। साथ ही पत्र जारी करते हुए इनसे 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण की मांग कर दी है।
क्या लिखा है पत्र में
पत्र साल के पहले दिन का है। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी सीतामढ़ी प्रमोद कुमार साहु ने रुन्नीसैदपुर के इब्राहिमपुर उत्क्रमित मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक को पत्र जारी कर आदेश दिया है। पत्र के माध्यम से जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रमोद कुमार साहु का कहना है कि एक जनवरी 2024 को नये साल के मौके पर WhatsApp के माध्यम से तस्वीर भेजते हुए सूचित किया गया है कि उत्क्रमित मध्य विधालय इब्राहिमपुर, रुन्नीसैदपुर में शिक्षण का कार्य नहीं हो रहा है। विद्यालय के सभी शिक्षक वर्ग के बाहर आग सेंक रहे हैं। इससे प्रथम दृष्टया स्पष्ट होता है कि आप अपने कर्तव्य के प्रति लापरवाही तथा स्वेच्छाचारिता दर्शा रहे हैं। इसलिए इस संबंध में अपना स्पष्टीकरण 24 घंटे के अंदर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। अन्यथा आपके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने हेतु अधोहस्ताक्षरी की बाध्यता होगी। प्राप्त स्पष्टीकरण पर अंतिम निर्णय होने तक आपका एवं विद्यालय में पदस्थापित सभी शिक्षक और शिक्षिकाओं का वेतन स्थगित किया जाता है।