मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ताजा बयानों और उनके हाव-भाव को लेकर पूरा राज्य चिंतित है। ऐसे में अगर उनके साथ लंबे समय तक सांसद रहे अरुण कुमार अगर उनके भोजन में दवा मिलाए जाने की साजिश का खुलासा कर रहे हैं तो इसकी जांच होनी ही चाहिए। भाजपा कोटे से नीतीश सरकार में मंत्री रह चुके जीवेश मिश्रा ने सोमवार को यह बातें कही। उन्होंने कहा कि जनता दल यूनाईटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने एक समय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पेट में दांत होने और इसकी सर्जरी खुद करने का एलान किया था, कहीं वह उसी की दवा तो नहीं दे रहे! जीवेश ने कहा कि ललन सिंह ने कहा था कि अगर नीतीश राजद के साथ चले गए तो वह पटना में पान दुकान खोलेंगे। हम उनकी उस दुकान का आज भी इंतजार कर रहे हैं।