एकीकृत 70वीं संयुक्त मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा दिनांक 25 अप्रैल से 30 अप्रैल तक निर्धारित कार्यकम के अनुसार पटना स्थित 32 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जायेगी।उल्लेखनीय है कि एकीकृत 70वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के लिए दिनांक 13 दिसंबर 2024 को 911 परीक्षा केन्द्रों पर एवं बापू परीक्षा परिसर, पटना की रद्द परीक्षा की दिनाक 04 जनवरी 25 को आयोजित पुनर्परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थियों में से परीक्षा परिणाम के आधार पर कुल 21,581 अभ्यर्थियों को मुख्य (लिखित) परीक्षा के लिए अर्हता प्रदान की गयी है। सफल कुल 21,027 अभ्यर्थियों द्वारा मुख्य (लिखित) परीक्षा के लिए निर्धारित तिथि तक आवेदन समर्पित किया गया है। इस बात की जानकारी देते हुए परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने कहा कि निर्धारित तिथि को एकीकृत 70वीं संयुक्त मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा आयोजन के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गयी है।
परीक्षा पूरी पारदर्शिता, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण रूप में हो इसके लिए सभी केन्द्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गये है। मुख्य (लिखित) परीक्षा के सफल संचालन एवं आयोजन तथा विधि व्यवस्था हेतु जिला प्रशासन, पटना को भी निर्देशित किया गया है। आयोग मुख्य (लिखित) परीक्षा पारदर्शिता, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण रूप में सम्पन्न कराने के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने एकीकृत 70 वीं संयुक्त मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा में सम्मिलित होने वाले सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा की शुभकामना देते हुए उनसे कहा कि वे किसी प्रकार के अफवाह, दुष्प्रचार से दिग्भ्रमित न हो और आयोग के द्वारा दिए गये दिशा निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए परीक्षा में अपना सर्वश्रेष्ठ दें। परीक्षा आयोजन संबंधी किसी प्रकार की जानकारी के लिए आयोग के आधिकारिक वेबसाइट एवं सोशल मीडिया का अवलोकन करें।