बिहार की चार लोकसभा सीटों पर वोटिंग शुरू हो चुकी है। पहले चरण में गया, औरंगाबाद, नवादा और जमुई लोकसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हुई। इस चरण पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, चिराग पासवान के बहनोई अरुण भारती, वरीय भाजपा नेता और सांसद विवेक ठाकुर, जदयू छोड़कर राजद में गए अभय सिंह कुशवाहा, कुमार सर्वजीत समेत 38 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। आज 92602 मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। इसके लिए सारी तैयारी पूरी हो चुकी है।
पांच हजार से अधिक बूथ संवेदनशील
पहले चरण के चुनाव के लिए अर्ध्द सैनिक बलों की 153 कंपनियां तैनात की गई है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुबह 7:00 बजे से 4:00 बजे तक मतदान करने का समय निर्धारित है। इन इलाकों में जमीन से लेकर आसमान तक कड़ा पहरा है। इन सीटों पर पांच हजार से अधिक बूथ संवेदनशील हैं। वहीं चार लोकसभा सीटों के लिए कुल 7903 मतदान केंद्र बनाए गए। चार सीटों के लिए 76 लाख 1 हजार 629 वोटर मतदान करेंगे।
15 विधानसभा सीट नक्सल प्रभावित
गया, औरंगाबाद, जमुई और नवादा लोकसभा क्षेत्र में 15 विधानसभा सीट नक्सल प्रभावित हैं। इसलिए इन इलाकों में शाम के चार बजे तक ही मतदान होगा। जबकि अन्य इलाकों में शाम के छह बजे तक मतदान होगा। नक्सल प्रभावित इलाके में किसी तरह की कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए सुरक्षा बलों की 153 कंपनियां तैनात की गई है।