सार
मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में 4 अक्टूबर को वीरेंद्र राम की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी लालसा देवी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घरेलू विवाद के दौरान मारपीट में गिरने से मौत की बात सामने आई है।
मुजफ्फरपुर के साहेबगंज थाना क्षेत्र के रूप छपरा पंचायत के मोरहर मोरई गांव में 4 अक्टूबर को हुई वीरेंद्र राम की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी लालसा देवी को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद वह अपने बच्चों को लेकर फरार हो गई थी।
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस ने जांच के दौरान मृतक की पत्नी को हत्या के मामले में आरोपी मानते हुए उसकी तलाश शुरू की थी। पुलिस को जानकारी मिली थी कि घटना के बाद लालसा देवी मौके से फरार है। इसके बाद उसके रिश्तेदारों के घरों पर छापेमारी की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पढे़ं: 24 घंटे में पलटा सियासी खेल! जनसुराज से जुड़े राजकिशोर सिंह फिर भाजपा के साथ, जानें संदेश में क्या कहा?
दरअसल, 4 अक्टूबर को मोरहर मोरई गांव में वीरेंद्र राम का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर में मिला था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसडीपीओ सरैया अभिजित कौर भी घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की तो मृतक के कुछ लोगों और अपनी पत्नी के साथ विवाद होने की जानकारी सामने आई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में लालसा देवी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने पुलिस को बताया कि पति-पत्नी के बीच घरेलू और पारिवारिक विवाद को लेकर मारपीट हुई थी, जिसमें गिरने से वीरेंद्र राम की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद लालसा देवी अपने बच्चों को लेकर मौके से फरार हो गई थी और एक रिश्तेदार के यहां छिपी हुई थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। मामले में एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।