फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: स्वास्थ्य सेवाओं को नई रफ्तार, 105 ICU बेड और 25 अस्पतालों में डायलिसिस सेवा शुरू; CM सम्राट क्या बोले?

Wed, 22 Jul 2026 07:06 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना सिटी के गुरु गोविंद सिंह अस्पताल में नई स्वास्थ्य सुविधाओं का उद्घाटन किया। राज्यभर में 105 ICU, 70 IMCU बेड, 25 अस्पतालों में डायलिसिस, मुफ्त पैथोलॉजी सेवा और 24×7 इमरजेंसी सेवाएं शुरू की गईं।

विज्ञापन
सीएम सम्राट चौधरी के साथ स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पटना सिटी स्थित गुरु गोविंद सिंह अस्पताल (जिला अस्पताल) के नवनिर्मित भवन में विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान जिला औषधि भंडार गृह का भी शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण किया, मरीजों और डॉक्टरों से बातचीत की तथा इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों को निर्देश दिया कि अस्पताल में इलाज की सभी सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएं ताकि मरीजों को दूसरे अस्पताल रेफर करने की जरूरत न पड़े। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की उपलब्धता और सभी आवश्यक चिकित्सा सेवाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने इस विभाग को अस्पताल की विशेष पहचान बनाने और मरीजों को यहीं बेहतर इलाज उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न जिला अस्पतालों में 105 नए ICU बेड, 70 इंटरमीडिएट केयर यूनिट (IMCU) बेड और 24 घंटे आपातकालीन सेवाओं का भी शुभारंभ किया। इससे गंभीर मरीजों को जिला स्तर पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।
विज्ञापन


सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत निःशुल्क पैथोलॉजी सेवाओं के पहले चरण की भी शुरुआत की गई। पहले चरण में 11 हब लैब और 221 स्पोक लैब को जोड़ा गया है। हब लैब में आधुनिक मशीनों से जांच होगी, जबकि स्पोक लैब नमूना संग्रह केंद्र के रूप में काम करेंगी। इससे मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण जांच रिपोर्ट मिल सकेगी।

पढे़ं: बिहार के कई जिलों में आज भी बारिश का अलर्ट, पटना में 26 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम का हाल

मुख्यमंत्री ने राज्य के 25 अनुमंडलीय अस्पतालों में डायलिसिस सेवा का भी शुभारंभ किया। इस योजना के तहत PHH और आयुष्मान भारत कार्डधारकों को डायलिसिस की सुविधा निःशुल्क मिलेगी, जबकि अन्य पात्र मरीजों को रियायती दर पर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इससे किडनी के गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे जिलों में जाने की आवश्यकता कम होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक तक समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। जिला और अनुमंडल स्तर पर विशेषज्ञ उपचार सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। आधुनिक चिकित्सा उपकरण, प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी और बेहतर स्वास्थ्य ढांचे के जरिए बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई सुविधाओं से लाखों लोगों को अपने जिले में ही बेहतर इलाज मिल सकेगा।
विज्ञापन


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गुरु गोविंद सिंह अस्पताल परिसर में प्रबंधक कमेटी तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब की ओर से स्थापित खंडा साहिब का भी लोकार्पण कर नमन किया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत, विधायक रत्नेश कुमार, पटना की महापौर सीता साहू, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पांडेय समेत कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें