बिहार से बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रदेश में सरकार ने एक बार फिर से लॉकडाउन की अवधि को बढ़ा दिया है। इसके तहत राज्य में अब 1 जून तक लाॅकडाउन जारी रखने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक ट्वीट के जरिये इस बात की जानकारी दी। अपने ट्वीट में मुख्यमंत्री नीतीश ने कहा कि उन्होंने आज यानी सोमवार (24 मई) को एक बार फिर से सहयोगी मंत्रीगण और पदाधिकारियों के साथ प्रदेश में कोरोना की स्थिति की समीक्षा की, जिसके बाद लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया गया।
ट्वीट कर दी जानकारी
नीतीश कुमार ने ट्वीट में लिखा, 'कोरोना संक्रमण को देखते हुए 5 मई 2021 से तीन सप्ताह के लिए लाॅकडाउन लगाया गया था। आज फिर से सहयोगी मंत्रीगण एवं पदाधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की गई।'
लाॅकडाउन का अच्छा प्रभाव पड़ा
बता दें मुख्यमंत्री ने आगे कहा, 'लाॅकडाउन का अच्छा प्रभाव पड़ा है और कोरोना संक्रमण में कमी दिख रही है। अतः बिहार में 25 मई के आगे एक सप्ताह के लिए अर्थात 1 जून, 2021 तक लाॅकडाउन जारी रखने का निर्णय लिया गया है।'
4 हजार नए कोविड केस हुए दर्ज
उल्लेखनीय है कि बिहार में लॉकडाउन लागू किए जाने के बाद से कोरोना के मामले घटने लगे हैं। प्रदेश के सरकारी आंकड़े में पहले जहां प्रतिदिन 15 हजार से अधिक कोरोना के केस दिखाए जा रहे थे, वहीं अब प्रतिबंधों के लागू होने के लगभग एक महीने बाद 5 हजार से भी कम केस दर्ज हो रहे है। राज्य में रविवार (23 मई) को कोरोना के करीब 4 हजार 200 मरीज सामने आए। साथ ही रोजाना यहां एक लाख से अधिक कोरोना की जांच की जा रही है।