बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव के लिए तैयारियों के शुरुआती दौर में लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को बड़ा झटका लगा है। राजद के तीन विधायक गुरुवार को जनता दल (यूनाइटेड) यानी जदयू में शामिल होने जा रहे हैं। इनमें लालू यादव के समधी चंद्रिका राय का नाम भी शामिल है।
चंद्रिका के अलावा जदयू में शामिल होने जा रहे बाकी दो विधायक जयवर्धन यादव और पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी के बेटे फराज फातमी हैं। हालांकि, फराज फातमी को राजद पहले ही महेश्वर यादव और प्रेमा चौधरी के साथ पार्टी से निष्कासित कर चुकी है। ये दोनों भी जदयू का दामन थाम चुके हैं।
जानकारी के अनुसार जदयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव गुरुवार दोपहर को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में तीनों को पार्टी में शामिल कराएंगे। जदयू इन तीन विधायकों के पार्टी में आने से खासी उत्साहित है। इससे पहले पूर्व मंत्री श्याम रजक भी जदयू से निकाले जाने के बाद राजद में शामिल हो चुके हैं।