बिहार चुनाव की तैयारियां जोरों पर है। ऐसे में प्रमुख राजनीतिक पार्टियां जमकर रैली कर रहे हैं। जनता को चुनावी भाषण से अपने पाले में करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, जनता कई नेताओं को नकारने के साथ साथ उनकी फजीहत भी कर रहे हैं।
ताजा मामला लखीसराय के तरहारी गांव का है, जहां जनसंपर्क के दौरान वोट मांगने पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री और लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के निवर्तमान विधायक विजय कुमार सिन्हा की जनता ने जमकर फजीहत की।मंत्री से नाराज लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इतना ही नहीं जनता ने मंत्री जी पर गोबर फेंकना भी शुरू कर दिया। इसके बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया। हालांकि, नीतीश के मंत्री को किसी भी तरह सुरक्षित बाहर निकाला गया।
वहीं, बिहार चुनाव के मद्देनजर राज्य में आरोप-प्रत्यारोप का भी दौर भी शुरू हो गया है। नीतीश जहां महागठबंधन का नेतृत्व कर रही राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर निशाना साध रहे हैं। वहीं पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भी नीतीश पर पलटवार करते हुए एक वीडियो साझा किया है। इसमें मुख्यमंत्री पर कुर्सी के मोह की वजह से राज्य के विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया गया है।
नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव हर चुनावी सभा में इस बात का एलान कर रहे हैं कि अगर उनकी सरकार बनती है तो वह 10 लाख लोगों को नौकरी देंगे। इस पर सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तेजस्वी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि इतनी नौकरी देंगे, लेकिन कहां से देंगे और इसके लिए पैसा कहां से आएगा। उन्होंने कहा, जब इतने लोगों (10 लाख लोगों) को नौकरी देंगे, तब बाकी को क्यों छोड़ देंगे।
वहीं, तेजस्वी यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है लेकिन उसका मुख्यमंत्री पद का कोई उम्मीदवार नहीं है। तेजस्वी ने कहा, 'भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है लेकिन उसका एक भी मुख्यमंत्री पद का कोई उम्मीदवार नहीं है, लेकिन फिर भी एक-दूसरे के बैसाखी बने हुए हैं।'