बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों के करीब आते ही राज्य में नेताओं की जनसभाओं में वृद्धि होती जा रही है। सभी पार्टियां अपने स्टार प्रचारकों के साथ चुनावी मैदान में उतर गई हैं। इसी कड़ी में अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के स्टार प्रचारक योगी आदित्यनाथ बिहार में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। सीएम योगी पहले चरण में मतदान के लिए छह दिन में 18 रैलियां करने वाले हैं।
30 प्रचारकों की सूची में बिहार भाजपा के 17 नेताओं को जगह
बता दें कि भाजपा की ओर से जारी 30 प्रचारकों की सूची में इस बार बिहार भाजपा के आधे से अधिक 17 नेताओं को जगह दी गई है। इसमें वैसे नेता भी शामिल हैं जो पहले चरण के स्टार प्रचारकों में शामिल नहीं थे। पार्टी की ओर से दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष व सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह भी स्टार प्रचारकों में शामिल हैं। इसके अलावा बिहार भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव और महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेन्द्र फडणवीस को भी इस सूची में शामिल किया गया है।
पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, झारखंड के पूर्व सीएम रघुवर दास, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी व धर्मेन्द्र प्रधान को शामिल किया गया है। जबकि भाजपा के स्टार प्रचारकों में बिहारी नेताओं में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के अलावा राधामोहन सिंह, रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह, अश्विनी कुमार चौबे, नित्यानंद राय, मनोज तिवारी, नंद किशोर यादव, राजीव प्रताप रूडी, शाहनवाज हुसैन, मंगल पांडेय, शिव नारायण, गोपाल ठाकुर, अजय निषाद, संजय पासवान व सम्राट चौधरी शामिल हैं।