Bihar Election 2020: दूसरे चरण में 17 जिलों की 94 सीटों पर मंगलवार यानी आज मतदान है। इस चरण में बढ़त वाले दल और गठजोड़ के लिए कुर्सी करीब होगी। इस बार कई दिग्गजों की अग्निपरीक्षा होगी। इनमें लालू के लाल, उनके समधी, नीतीश सरकार के मंत्री, बाहुबली, बागी और कई दागी शामिल हैं। कई बड़े नेताओं के बेटे और रिश्तेदार मैदान में हैं। राजद, भाजपा और जदयू के बागी भी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। बाहुबलियों की पत्नियां और बेटे भी चुनावी दंगल में शामिल हैं।
बागी-बाहुबली भी मैदान में
दूसरे चरण में भी बागी सबको हलकान कर रहे हैं। बागियों ने सबसे ज्यादा भाजपा को परेशान किया है। बागियों से जदयू को भी जूझना पड़ रहा है। भाजपा से मनोज कुमार सिंह, कामेश्वर सिंह मुन्ना, प्रदीप ठाकुर सहित कई बड़े नेता बगावत कर इस चरण में ताल ठोक रहे हैं। जदयू से रवि ज्योति, रामचंद्र सदा, ललन भुइयां, राजू गुप्ता, शैलेंद्र प्रताप एवं मंजीत सिंह ने भी बगावत कर चुनावी ताल ठोकी है।
दूसरे चरण के रण में कई बाहुबली मैदान में हैं। बाहुबलियों में रीतलाल राय, काली पांडेय, बोगो सिंह, मुन्ना शुक्ला के नाम शामिल हैं। इसके अलावा बाहुबली प्रभुनाथ सिंह के भाई केदारनाथ सिंह, बेटा रणधीर सिंह, बाहुबली धूमल सिंह की पत्नी सीता देवी और बाहुबली रामा सिंह की पत्नी वीणा देवी मैदान में हैं। बाहुबली पूर्व सांसद आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद भी इसी चरण में मैदान में हैं।
नेताओं के रिश्तेदार
पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव की बेटी सुभाषिणी यादव, शत्रुध्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा, पूर्व गवर्नर निखिल कुमार के भतीजे पप्पू सिंह के अलावा हरियाणा के गवर्नर सत्यदेव नारायण आर्य के बेटे कौशल किशोर एवं चिराग पासवान के चचेरे भाई कृष्ण राज की किस्मत मंगलवार को ईवीएम में लॉक हो जाएगी। लालू प्रसाद के दोनों बेटे तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव, समधी चंद्रिका राय, पूर्व सांसद ओम प्रकाश यादव, पूर्व मंत्री नीतीश मिश्रा, आलोक कुमार मेहता भी इसी चरण में किस्मत आजमा रहे हैं।
नीतीश सरकार के चार मंत्री भी
नीतीश सरकार के चार मंत्रियों की भी चुनावी परीक्षा इसी चरण में है। नीतीश कुमार के गृह क्षेत्र नालंदा से उनके चहेते मंत्री श्रवण कुमार, मधुबन से मंत्री राणा रणधीर सिंह, पटना साहिब से भाजपा के दिग्गज नंदकिशोर यादव और हथुआ से रामसेवक सिंह इस चरण में हैं। दूसरे चरण में ही स्वघोषित मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार पुष्पम प्रिया चौधरी भी मैदान में हैं।
41352 मतदान केंद्र
इस चरण में चुनाव आयोग ने कुल 41,352 मतदान केंद्र बनाए हैं। 8,694 मतदान केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं। 3,548 बूथों पर वेबकास्ट की व्यवस्था की गई है। इस चरण में सबसे अधिक उम्मीदवार महाराजगंज सीट पर हैं। यहां कुल 27 लोग चुनाव लड़ रहे हैं जबकि दरौली सीट पर से मात्र चार लोग चुनावी मैदान में हैं।
2015 में जीते
राजद-33
जदयू-30
भाजपा-20
कांग्रेस-07
लोजपा-02
भाकपा माले-01
निर्दलीय-01
2020 में सीटों पर उम्मीदवार
राजद-56
कांग्रेस-24
भाकपा माले-06
माकपा-04
भाजपा-45
जदयू-43
वीआईपी-06