जमालपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह डीजल इंजन के पटरी से उतरने की घटना से रेल महकमे में अफरातफरी मच गई। स्टेशन के पूर्वी छोर पर बड़ी पुल के समीप तीन नंबर रेल पटरी पर खड़ा डीजल इंजन अचानक लुढ़ककर पटरी से नीचे उतर गया। घटना सुबह करीब 10 बजे की है। गनीमत रही कि इस दौरान कोई ट्रेन या रेलकर्मी इसकी चपेट में नहीं आया।
जानकारी के अनुसार, अंडाल निर्मित डीजल इंजन संख्या 12658 को तीन नंबर रेल पटरी पर खड़ा किया गया था। इंजन को स्थिर रखने के लिए पहियों के नीचे गुटका भी लगाया गया था। इसके बावजूद इंजन लुढ़ककर पटरी से नीचे उतर गया। घटना की जानकारी मिलते ही रेलकर्मियों में अफरातफरी मच गई। जिस स्थान पर इंजन पटरी से उतरा, उसके समीप से मेल-एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का नियमित परिचालन होता है।
घटना की सूचना मिलते ही दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) की टीम को मौके पर बुलाया गया। सीनियर डीएमई डीजल केके दास, स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर सुजीत यादव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और रेलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद इंजन को दोबारा पटरी पर चढ़ाने के लिए राहत एवं बहाली कार्य शुरू किया गया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद इंजन को सुरक्षित पटरी पर चढ़ा दिया गया।
मॉक ड्रिल के तहत कराई गई थी डिरेलमेंट की कार्रवाई
सीनियर डीएमई डीजल केके दास ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई मॉक ड्रिल का हिस्सा थी। इसके बारे में पहले किसी को सूचना नहीं दी गई थी। संबंधित विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बहाली का अभ्यास किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस ट्रैक पर इंजन को डिरेल कराया गया था, वहां से ट्रेनों का परिचालन नहीं होता है। इस कारण रेल यातायात और यात्रियों की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा।