बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय से जब राज्य की कानून व्यवस्था के बारे में सवाल पूछा गया तब वे कन्नी काटते हुए निकल गए। इस घटना का वीडियो अब वायरल हो रहा है। बता दें कि बिहार में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। राज्य में हत्या और दुष्कर्म की कई घटनाएं सामने आई हैं।
हाल में ही मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना अंतर्गत नजीरपुर गांव में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोस में रहने वाली 23 वर्षीय युवती से दुष्कर्म की कोशिश की और युवती ने जब उसका विरोध किया तो उसने उसे आग लगाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की।
पिछले सप्ताह बिहार के बक्सर और समस्तीपुर जिलों में संदिग्ध दुष्कर्म के बाद दो महिलाओं की हत्या कर शव को जला दिए जाने की वारदात के अलावा अहियापुर थाना क्षेत्र के एक अन्य गांव से गत शुक्रवार को एक आठ वर्षीय लड़की का शव पुलिस ने एक बोरे से बरामद किया था जिसके नाना ने दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या कर दिए जाने का आरोप लगाया है।
वहीं सुपौल जिले के निर्मली में पांच दिसंबर को एक नाबालिग लड़की को शिक्षक और दो अन्य लोगों द्वारा अपहरण कर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया था। जिसके बाद पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी।
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार में हर दिन एक बच्चे को मानव तस्करों के चंगुल से छुड़ाया जाता है। 2017 में राज्य में 395 बच्चे तस्करों से मुक्त कराए गए। रिपोर्ट के अनुसार, बिहार पुलिस ने 2017 में तस्करों के खिलाफ 121 मामले दर्ज किए, लेकिन एक भी केस में वह चार्जशीट दाखिल नहीं कर सकी।