फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: शेयर बाजार में 30 से 50 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों की ठगी, आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार

Tue, 06 Oct 2026 03:37 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

शेयर बाजार में 30 से 50 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी के आरोपी श्रीधर पाठक को बिहार पुलिस ने लखनऊ से गिरफ्तार किया। आरोपी दो वर्षों से फरार था। पीड़ितों ने पुलिस से रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई।

 

विज्ञापन
आर्थिक अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शेयर बाजार में निवेश पर भारी मुनाफा और रकम दोगुनी करने का झांसा देकर कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोप में बिहार पुलिस ने श्रीधर पाठक को लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले दो वर्षों से फरार था और विदेश भागने की तैयारी में था। पुलिस उसे गिरफ्तार कर पटना ले आई है। गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही ठगी के शिकार कई पीड़ित कोतवाली थाने पहुंच गए।

विज्ञापन


शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा
आरोपी की पहचान मूल रूप से नालंदा निवासी और लंबे समय से दानापुर में रह रहे श्रीधर पाठक के रूप में हुई है। उसने दीघा थाना क्षेत्र के मखदुमपुर स्थित गेट नंबर 93 के पास अपना कार्यालय खोल रखा था। आरोपी लोगों को शेयर बाजार में निवेश करने पर 30 से 50 प्रतिशत तक मुनाफा देने का भरोसा दिलाता था। बताया गया कि शुरुआत में करीब 10 से 12 महीने तक आरोपी ने निवेशकों को मुनाफा भी दिया, जिससे लोगों का उस पर भरोसा बढ़ गया। इसके बाद उसने बड़ी रकम निवेश के नाम पर जमा करवाई और अचानक फरार हो गया।

पीड़ितों ने बताई ठगी की कहानी
आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली थाने पहुंचे पीड़ितों ने पुलिस को अपनी आपबीती बताई। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने जीवनभर की कमाई, सेवानिवृत्ति की रकम और बेटियों की शादी के लिए बचाई गई राशि तक आरोपी को दे दी थी।
विज्ञापन


पढ़ें: 24 घंटे में पलटा सियासी खेल! जनसुराज से जुड़े राजकिशोर सिंह फिर भाजपा के साथ, जानें संदेश में क्या कहा?

ठगी के शिकार मोहम्मद नूर आलम ने बताया कि उन्होंने एक बार 10 लाख रुपये नकद और फिर पांच लाख रुपये दिए थे। उन्होंने कुल 25 लाख रुपये आरोपी के पास लगाए थे। आरोपी ने तीन महीने में बड़ा मुनाफा देने का वादा किया था। नूर आलम लॉन्ड्री का काम करते हैं और उन्होंने अपनी बहन की शादी के लिए रकम जुटाई थी। पैसे वापस नहीं मिलने के बाद उन्हें बहन की शादी के लिए जमीन बेचनी पड़ी। उनका आरोप है कि रकम वापस मांगने पर आरोपी ने झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी।

एक पीड़ित ने लगाए 1.72 करोड़ रुपये
एक अन्य पीड़ित आनंद पंडित ने बताया कि आरोपी ने शेयर बाजार में निवेश कर 50 प्रतिशत मुनाफा देने का वादा किया था। उनके अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग स्थानों और विभिन्न बैंक खातों में उनसे कुल एक करोड़ 72 लाख रुपये जमा करवाए। छह महीने में बढ़ी हुई रकम लौटाने का भरोसा दिया गया था, लेकिन रकम वापस नहीं की गई।

सेवानिवृत्त शिक्षक मुस्ताक अहमद ने बताया कि उन्होंने शुरुआत में नौ लाख रुपये लगाए थे और उन्हें मुनाफा मिला था। इसके बाद उन्होंने बेटी की शादी के लिए जमा की गई रकम भी निवेश कर दी, लेकिन बाद में मुनाफा मिलना बंद हो गया।

वहीं, पीड़ित टिंकू ने बताया कि उन्होंने पड़ोसी पंकज पटेल के कहने पर 15 लाख रुपये लगाए थे। शुरुआत में एक-दो बार मुनाफा मिला, लेकिन बाद में रकम मिलनी बंद हो गई। पैसे मांगने आरोपी के घर पहुंचने पर उसके परिवार ने उससे कोई संबंध होने से इनकार कर दिया। पीड़ितों ने पुलिस से अपनी रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें