बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने कॉलेज के समय को याद करते हुए एक मजेदार किस्सा सुनाया है। राज्य की राजधानी पटना में एनआईटी पटना के एल्युमनाई मीट कार्यक्रम में पहुंचे सीएम नीतीश ने मजाकिया अंदाज में कहा कि जब वह कॉलेज में पड़ते थे, तब उनके कॉलेज में लड़कियां नहीं पड़ती थी, लेकिन अगर कभी कोई लड़की कैंपस में दिख जाती थी तो छात्रों की बात छोड़ दीजिए, टीचर्स भी उसको देखने लगते थे। बता दें कि सीएम नीतीश कुमार बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के छात्र रहे हैं। लेकिन बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग का नाम अब बदलकर एनआईटी पटना कर दिया गया है।
इस दौरान उन्होंने आगे कहा कि जब इस कॉलेज में लड़कियों का एडमिशन शुरू हो गया तो हम लोगों को काफी खुशी हुई थी। नीतीश कुमार ने कहा कि जब कॉलेज में इलेक्ट्रानिक्स और आर्किटेक्चर सब्जेक्ट की पढ़ाई शुरू हो गई तो कुछ सालों के भीतर कैंपस में लड़कियों की संख्या काफी ज्यादा हो गई थी। इस कार्यक्रम के दौरान मौजूद पूर्व छात्रों ने सीएम नीतीश की मजेदार बातों को सुनकर खूब ठहाके लगाए।
इस अवसर पर सीएम नीतीश कुमार ने यह भी वादा किया कि उनकी सरकार पटना में एनआईटी कॉलेज को आर्थिक मदद सहित जो भी जरूरत होगी, उसे मुहैया कराएगी। इसके साथ ही पटना में एनआईटी का नया कैंपस जल्द बनाए जाने की बात कही। बता दें कि केंद्र सरकार इसके लिए धनराशि आवंटित कर चुकी है।