मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अनुसूचित जाति-जनजाति (एससी-एसटी) के लिए चुनाव से पहले बड़ा फैसला लिया है। नीतीश कुमार ने एलान किया है कि एससी-एसटी समुदाय के किसी व्यक्ति की हत्या होने पर उसके परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिलेगी। नीतीश कुमार ने अधिकारियों को इसके लिए जल्द कानून बनाने को कहा है।
सभी एससी-एसटी परिवारों को घर के लिए जमीन
नीतीश कुमार ने कहा कि बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अहम सुझाव दिए हैं। इस पर त्वरित कार्रवाई हो। राशन कार्ड वितरण, बिना जमीन वाले सभी एससी-एसटी परिवारों को घर के लिए जमीन देना, उनका आवास निर्माण जैसे कामों में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि डीजीपी, सभी थानों में दर्ज कांडों की समीक्षा थानावार करें।
नीतीश ने कहा कि इस समुदाय के कल्याण के लिए हर जरूरी कार्य किये जा रहे हैं। उनको मुख्य धारा में जोड़ने के लिए अन्य संभावनाओं, योजनाओं पर भी विचार किया जाए। इनके उत्थान से ही समाज का उत्थान होगा।