अपने माता पिता के साथ अंतरा खुशी।
- फोटो : अमर उजाला
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) की इंटर कॉमर्स परीक्षा-2025 में अंतरा खुशी ने 473 अंक लाकर राज्य में दूसरा स्थान हासिल किया है। देव प्रखंड के पवई गांव की निवासी अंतरा खुशी ने यह सफलता औरंगाबाद शहर के प्रतिष्ठित सच्चिदानंद सिंहा कॉलेज की छात्रा के रूप में हासिल की है। इस कॉलेज ने पहले भी कॉमर्स टॉपर्स दिए है।अंतरा ने यह सफलता हासिल कर न सिर्फ अपने मांता-पिता बल्कि पूरे औरंगाबाद जिले का नाम रोशन किया है। अंतरा की सफलता पर उसे बधाई देने का तांता लगा है। उसके कॉलेज के प्राचार्य से लेकर परिवार और गांव के लोगों ने उसे शानदार सफलता मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दी है।
सफलता से परिवार में खुशी का माहौल
अंतरा की सफलता से उसके परिवार में खुशी का माहौल है। अंतरा के पिता मनोज कुमार मिश्रा पवई गांव में ही आयुर्वेदिक दवा की एक छोटी मोटी दुकान चलाते हैं जबकि माता जगदंबा देवी गृहिणी हैं। काफी मेहनत कर उन्होंने अंतरा को पढ़ाया जिसका मान अंतरा ने भी रखा और पूरे राज्य में दूसरा स्थान हासिल कर उन्हें भी गौरवान्वित होने का मौका दिया है।
IAS अफसर बनना चाहती है अंतरा
अंतरा ने बताया कि रूटीन तरीके से लगभग छह घंटे वह हर रोज पढ़ाई करती है।उसने बताया कि लक्ष्य निर्धारित कर सही दिशा में यदि कोशिश की जाए तो किसी भी मंजिल को हासिल किया जा सकता है। सफलता पर खुशी का इजहार करते हुए अंतरा ने कहा कि वह आगे की पढ़ाई कर आइएएस ऑफिसर बनना चाहती है। उसने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि आज मैं जिस स्थान पर आई हूं, इसका श्रेय मेरे माता-पिता एवं हमारे गुरुजन शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को जाता है। उन सभी के आशीर्वाद से ही मुझे यह सफलता मिली है।
पिता ने कहा-मेरी बेटी मेरा गर्व
बेटी की सफलता से हर्षित अंतरा खुशी के पिता मनोज कुमार मिश्रा ने कहा कि मुझे एक पुत्र और एक पुत्री के पिता बनने का सौभाग्य प्राप्त है। आज मेरी पुत्री ने बिहार इंटर कॉमर्स की परीक्षा में राज्य में दूसरा स्थान लाकर मेरा मान बढ़ाया है। मुझे अपनी बेटी पर गर्व की अनुभूति हो रही है। मेरी बेटी ने औरंगाबाद जिले का नाम रोशन किया है। कहा कि मैने बेटे और बेटी दोनों को बराबर माना है। शिक्षा की एक समान सुविधा उपलब्ध कराई है और मेरे बेटे ने भी इस परीक्षा में 87 प्रतिशत अंक लाया है। उन्होंने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने का इससे बेहतर मौका हमलोग और क्या दे सकते हैं। जो भी है, सामने है। आप इन सभी को देख सकते हैं। मेरी बेटी पर मुझे बहुत गर्व है कि उसने शिक्षा के महत्व को समझा। कड़ी मेहनत की औवर आज सफलता के इस मुकाम पर पहुंची।
मां ने कहा-बेटी ने मेरा मस्तक उंचा किया
अंतरा की मां जगदंबा देवी भी बेटी की सफलता से आह्लादित है। मां ने कहा कि मेरी बेटी ने यह सफलता हासिल कर मेरा मस्तक उंचा किया है। मेरी बेटी आगे पढ़ लिख कर माता-पिता और परिवार का और ज्यादा नाम रोशन करेगी।
अंतरा के कॉलेज के प्राचार्य ने दी बधाई
अंतरा को उसकी सफलता पर उसके परिवार और गांव वालों के साथ ही उसके कॉलेज सच्चिदानंद सिंहा महाविद्यालय, औरंगाबाद के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार मिश्रा ने भी बधाई और शुभकामनाएं दी। प्राचार्य ने कहा कि हमारे कॉलेज के इंटर कॉमर्स के छात्र पहले भी स्टेट टॉप करते रहे है। इस बार अंतरा खुशी ने राज्य में दूसरा स्थान लाया है। पूरे कॉलेज परिवार की ओर से वें अंतरा को बधाई और शुभकामनाएं देते है।