बिहार के पूर्व मंत्री और जेडीयू नेता मोनाज़िर हसन बुधवार को बीजेपी में शामिल हो ही गए। हालांकि इस बात के कयास पिछले काफी दिनों से लगाए जा रहे थे।
जब उन्होंने जेडीयू छोड़ी थी तभी से ये बात मानी जा रही थी कि उन्होंने बीजेपी में भविष्य की तलाश शुरू कर दी है। पटना स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में हसन और उनके समर्थकों को सदस्यता दिलाई गई।
'बीजेपी को मिलेगा लाभ'
इस मौके पर बीजेपी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी समेत कई वरिष्ठ बीजेपी नेताओं ने मोनाज़िर हसन का जोरदार स्वागत किया।
मंगल पांडेय ने कहा कि हसन के बीजेपी में आने से न केवल बिहार में बीजेपी की स्थिति मजबूत होगी बल्कि पार्टी को बेगूसराय, मुंगेर, लखीसराय जैसे इलाकों में और बल मिलेगा।
बिहार की राजनीति का बड़ा नाम
मोनाज़िर हसन मुंगेर से चार बार विधायक और बेगुसराय से एक बार सांसद रह चुके हैं। मोनाज़िर हसन साल 2000 में आरजेडी सरकार में मंत्री रहे।
साल 2005 में नीतीश कुमार के बिहार का मुख्यमंत्री बनने पर उन्हें सरकार में शामिल किया गया और वो मंत्री बनाए गए।
वो पिछले लोकसभा चुनाव में बेगुसराय से सांसद चुने गए। हालांकि इस बार के लोकसभा चुनाव में बेगुसराय से उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।