कांग्रेस ने बिहार चुनाव के लिए रविवार को छह कमेटियां बनाईं। चुनाव प्रबंधन का जिम्मा रणदीप सुरजेवाला को दिया गया है। इस कमेटी के संयोजक मोहन प्रकाश होंगे। सदस्यों में मीरा कुमार, सुबोधकांत सहाय,निखिल कुमार, तारिक अनवर, शत्रुघ्न सिन्हा, शकील अहमद, चंदन बागची, अनिल शर्मा, कीर्ति आजाद, शकील अंसारी और कैप्टन अजय यादव शामिल हैं। 14 लोगों की प्रचार कमेटी के चेयरमैन सुबोध कुमार हैं। मीडिया से जुड़ी 15 लोगों की कमेटी के चेयरमैन पवन खेड़ा होंगे। जनसभा और लॉजिस्टिक संयोजक बृजेश कुमार मुन्ना हैं।
शिवसेना सांसद अनिल देसाई ने कहा है कि पार्टी बिहार में करीब 50 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि शिवसेना का बिहार में किसी दल से गठबंधन नहीं है, इसलिए पार्टी का जिन स्थानों पर आधार है और कार्यकर्ता जनसेवा में लगे हुए हैं वहां अपना उम्मीदवार खड़ा करेगी।
चुनाव आयोग ने शिवसेना को बिहार में बिस्कुट चुनाव चिन्ह आवंटित किया है। इससे पहले आयोग ने शिवसेना को तीर-कमान के अपने निशान पर चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी थी, क्योंकि राज्य में सत्तारूढ़ जदयू का निशान भी तीर-कमान ही है। शिवसेना ने उद्धव ठाकरे, उनके पुत्र आदित्य ठाकरे समेत 22 प्रचारकों की सूची जारी की है।