हादसे के बाद सड़क किनारे पलटा ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
भागलपुर में भीषण सड़क हादसा हुआ है। इसमें ट्रक कंडक्टर की मौत हो गई। वहीं 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज चल रहा है। घटना नारायणपुर प्रखंड स्थित भवानीपुर ओपी थाना क्षेत्र के नारायणपुर एनएच 31 पर पर हुई। लोगों का कहना है कि रविवार सुबह हाईवे पर तीन ट्रकों को भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक ट्रक के ड्राइवर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक हाईवे के एक लेन पर यातायात ठप रहा।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है मृत ट्रक चालक की पहचान बंगाल के वर्धमान निवासी मो मुन्नवर उर्फ मालिक के रूप में हुई।
ओवरटेक के चक्कर में ट्रक से हुई टक्कर
घायल ट्रक चालक का कहना है कि बिहारशरीफ से धान लोड ट्रक को मालदा बंगाल जा रहा था। ओवरटेक के चक्कर में ट्रक से टक्कर हुई। इसके बाद पीछे से आ रहा ट्रक भी अनियंत्रित हो गया। इस कारण तीनों ट्रक आपस में टकरा गए। हालांकि, उन दो ट्रकों में बैठ ड्राइवर और खलासी सुरक्षित हैं। वहीं एक बालू ट्रक सड़क किनारे विपरीत दिशा मैं लुढ़क गया। पुलिस का कहना है कि क्रेन की मदद से हाईवे पर से क्षतिग्रस्त ट्रक को हटा लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई चल रही है।