आग बुझाते हुए फायर ब्रिगेड कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बियाडा इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी स्थित रूई की फैक्ट्री में शनिवार को भीषण आगलगी की घटना हुई। इस दुर्घटना में फैक्ट्री मशीन सहित लाखों का माल जलकर राख हो गया। वहीं, घटना को लेकर फैक्ट्री के संचालक विनोद केजरीवाल ने बताया कि वह विगत 10 वर्षों से इस फैक्ट्री का संचालन कर रहे हैं। आगलगी की खबर फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों से मिली। खबर मिलते ही व्यापारी अपने फैक्टरी पहुंचे।
उन्होंने बताया कि लगभग दो लाख रुपये का उन्हें नुकसान हुआ है। घटना के बाबत उनका कहना है कि आगलगी के कारण को लेकर उन्हें कुछ भी स्पष्ट रूप से जानकारी नहीं है। हालांकि, मजदूरों से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि वे लोग फैक्ट्री में रूई बनाने का काम कर रहे थे। इस दरमियान अचानक मशीन के पास से काफी धुंआ निकलने लगा, जिसे देख मजदूरों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते फैक्ट्री में तेजी से आग की लपटें फैलने लगी। रूई बनाने का सारा कच्चा माल जलकर खाक हो गया है। जबकि मशीन भी आग की चपेट में आने से पूरी तरह से जल चुका है।
इधर, घटना की जानकारी मिलने पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ी आनन-फानन में घटना स्थल पर पहुंची और आग बुझाने की कवायत शुरू कर दी। हालांकि, उस वक्त काफी ज्यादा आग लगी नहीं हुई थी। इसलिए दमकल विभाग की टीम ने आग पर आसानी से काबू पा लिया। वहीं, संचालक फैक्ट्री में आग लगने से वह काफी हताश हैं। उनका कहना है कि 10 वर्षों से वह अपने व्यापार को लगातार शीर्ष पर पहुंचाना चाह रहे थे और आग लगी के कारण उन्हें नुकसान हो गया। पूरा परिवार इसी व्यापार के जरिए गुजारा करता है। विनोद केजरीवाल ने कहा कि दमकल विभाग के प्रयास से गनीमत रही कि मार्केट से आर्डर लिया हुआ सामान में किसी तरह की कोई छति नहीं हुई। फिलहाल, स्थिति सामान्य है।