रोहतास जिले में बीती रात चोरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। दरअसल, बेखौफ चोरों ने कोचस नगर पंचायत के बक्सर रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से लगभग 15 लाख रुपये की लूट की और फरार हो गए। इस बड़ी चोरी की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा है और लोग पुलिस गश्त पर सवाल उठा रहे हैं।
गैस कटर से एटीएम काटकर उड़ाए लाखों रुपये
प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरों ने बीती रात अंधेरे का फायदा उठाते हुए घटना को अंजाम दिया। लगभग चार से पांच की संख्या में पहुंचे चोरों ने पहले एटीएम का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और फिर गैस कटर के माध्यम से एटीएम को काटकर 15 लाख रुपये ले भागे। इस दौरान उन्होंने एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य उपकरणों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि उनकी पहचान छुपाई जा सके।
सुबह खुला राज, लोगों ने पुलिस को दी सूचना
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि रविवार सुबह स्थानीय लोग जब एटीएम के समीप पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। क्षतिग्रस्त एटीएम और चारों तरफ बिखरे सामान को देखकर उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एटीएम की घेराबंदी कर घटना की जांच शुरू कर दी।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, गश्त पर उठे सवाल
पुलिस ने एटीएम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच शुरू कर दी है। वहीं एक्सिस बैंक के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर चोरी हुई राशि का आकलन कर रहे हैं। बैंक अधिकारियों ने लगभग 15 लाख रुपये की चोरी का अनुमान लगाया है। इधर स्थानीय लोगों ने कोचस पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
घटनास्थल से मिले अहम सुराग
मामले में सदर डीएसपी-2 संजीव कुमार ने बताया कि घटनास्थल से गैस कटर मशीन बरामद की गई है। इसके अलावा कैमूर जिले के मोहनिया से घटना में प्रयुक्त एक वाहन भी जब्त किया गया है। हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस अपराधियों की पहचान में जुटी है।
ये भी पढ़ें:
दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष, फिर भी बिहार में पहला स्थान; महादलित परिवार की बेटी ने किया कमाल
बक्सर कनेक्शन की भी जांच में जुटी पुलिस
डीएसपी ने बताया कि चोरों ने कोचस में एटीएम लूट की घटना को अंजाम देने से पहले बक्सर जिले में भी एक एटीएम चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसी वजह से पुलिस पूरे मामले की सूक्ष्मता से जांच कर रही है और दोनों घटनाओं के बीच संबंध तलाशने में जुटी हुई है।