लोकसभा चुनाव खत्म हो चुके हैं लेकिन बिहार में सियासी उठापटक जारी है। केंद्र की मोदी सरकार में शामिल न होने के बाद से गठबंधन सहयोगियों के बीच तल्खी की खबरें सामने आ रही हैं जबकि उच्च नेतृत्व का कहना है कि सबकुछ ठीक है। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं इसके मद्देनजर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपने पुराने दोस्त नीतीश कुमार के सामने दोस्ती का हाथ बढ़ाया है। सोमवार को राजद नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि नीतीश का महागठबंधन में वापस आना अच्छा विकल्प है। हालांकि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का कहना है कि वह एनडीए का हिस्सा है।
रविवार को जदयू ने इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था। जिसमें राज्य के उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, जीतन राम मांझी, रामविलास पासवान अपने बेटे चिराग के साथ पहुंचे थे। इसके अलावा सोमवार को हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के मुखिया जीतन राम मांझी ने भी इफ्तार पार्टी का आयोजन किया था। जिसमें राबड़ी देवी, तेजप्रताप यादव और नीतीश कुमार ने शिरकत की। नीतीश की अपने विरोधी मांझी के साथ यह 24 घंटे में दूसरी मुलाकात थी। जिससे कि सियासी गलियारों में दोनों के बीच खिचड़ी पकने की आशंका जताई जा रही है। वहीं मुलाकात के दौरान राबड़ी ने कहा कि उन्हें महागठबंधन में नीतीश की वापसी से कोई ऐतराज नहीं है। लेकिन महागठबंधन मिलकर इसका फैसला करेंगे।
केंद्र की मोदी सरकार मे जदयू कोटे से एक सांसद को मंत्री बनाया जाना था। मगर नीतीश कुमार ने इस ऑफर को ठुकरा दिया था। इसके कुछ दिन बाद जदयू ने राज्य में अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। जिससे गठबंधन सहयोगियों भाजपा और एलजेपी (लोक जनशक्ति पार्टी) को दूर रखा गया। इसी कारण जदयू और भाजपा के बीच सब ठीक न होने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि जदयू ने इस तरह की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए सब ठीक होने की बात कही है।
राजद के प्रवक्ता मनोज झा का कहना है कि वर्तमान परिस्थिति दिखाती है कि लोगों के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने कहा, 'बेशक यह दोनों पार्टियों के बीच का मामला है लेकिन इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि इन दोनों पार्टियों ने बिहार के लोगों को धोखा दिया है। इसी वजह से इन दोनों पार्टियों के राजनीतिक खींचतान का असर लोगों पर पड़ेगा।' वहीं कांग्रेस नेता तारिक अनवर का कहना है कि केंद्र में जदयू का प्रतिनिधित्व न होना दिखाता है कि दोनों के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। उन्होंने कहा, 'नीतीश ने भाजपा को सबक सिखाया है। उन्होंने जदयू को कैबिनेट में जगह नहीं ही और उन्होंने बिहार कैबिनेट के मंत्रीमंडल विस्तार से भाजपा को दूर रखा।'