बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के बीच सब कुछ ठीक ठाक नहीं चल रहा है। इनके झगड़े को एक नई घटना ने और बढ़ा दिया है।
दरभंगा से भाजपा सांसद कीर्ति आजाद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर उन्हें झिड़कने का आरोप लगाया है।
सेवा यात्रा के दौरान शनिवार को दरभंगा समारहणालय में समीक्षा बैठक कर रहे नीतीश कुमार की कीर्ति आजाद से कहासुनी हो गई।
आजाद के अनुसार जब उन्होंने समीक्षा बैठक में अपने निर्वाचन क्षेत्र की जल भराव की समस्या का मसला उठाया तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें डपट दिया।
आजाद का कहना है कि मुख्यमंत्री अशिष्टता से पेश आए और मुझ पर गुस्सा हो गए। बाद में शांत रहने को कह दिया। इस तरह का व्यवहार दो बार किया।
सांसद ने कहा कि नीतीश ने अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों से भरी सभा में मुझे झिड़का। इसके बाद भी उन्होंने अडिग होकर केंद्रीय योजनाओं के कार्यान्वयन में हो रही लापरवाही को सबके सामने सार्वजनिक किया।
उन्होंने कहा कि राजग सरकार के समय जिन स्कूलों और हॉस्पिटलों का निर्माण कराया गया, वहां अभी तक शिक्षक और चिकित्सकों की नियुक्ति नहीं हो पाई है।
कुमार हालांकि इस पूरे मसले पर अपनी प्रतिक्रिया नहीं दे सके हैं। लेकिन जनता दल यू नेता संजय सिंह ने कहा कि आजाद को मुख्यमंत्री से बात करने की तहजीब नहीं है।
उन्होंने कहा कि आजाद मुख्यमंत्री पर पूरी तरह झूठे आरोप लगा रहे हैं।