पटना के सालिमपुर थाना क्षेत्र के फोरलेन पर मंगलवार की शाम एक फॉर्च्यूनर ने मोटरसाइकिल सवार युवकों को कुचल डाला। इस हादसे में युवक की मौत घटनास्थल पड़ ही हो गई। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने पटना बख्तियारपुर सड़क को जाम कर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोग मुआवजे की मांग कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही सालिमपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को समझा बूझकर मामला शांत कराया।
बाइक और कार में आमने सामने हुई भिड़ंत
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि एक फॉर्च्यूनर कार (BR01PM/ 0224) जिस पर कार मालिक के नाम का टाइटल लिखा था, फतुहा के तरफ से आ रही थी और पटना की तरफ से एक बाइक सवार तेज रफ्तार से फतुहा की तरफ जा रहा था। तभी सालिमपुर थाना क्षेत्र के नरौली हाईवे पर फॉर्च्यूनर कार और बाइक में आमने सामने भीषण टक्कर हो गई। इस टक्कर में बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहम्मद रियाज (32) के रूप में की गई है।
स्थानीय लोगों ने किया सड़क जाम
बाइक और कार में टक्कर होते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गये और फतुहा -पटना मार्ग को जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने घटनाकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही सालिमपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन लोग मृतक के परिजनों के लिए आर्थिक मुआवजा की मांग को लेकर अड़े रहे। काफी देर तक समझाने बुझाने के बाद लोगों ने जाम खत्म किया। जाम ख़त्म होने के बाद पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि फॉर्च्यूनर कार के मालिक की जांच पड़ताल की जा रही है।