फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Android Auto: कार चलाते हुए YouTube सुनना हुआ आसान, एंड्रॉयड ऑटो में आया कमाल का फीचर

Tue, 31 Mar 2026 06:40 PM IST
Suyash Pandey ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

YouTube Android Auto Update: ड्राइविंग के दौरान यूट्यूब पर गाने या पॉडकास्ट सुनने वालों के लिए एक बेहतरीन अपडेट आया है। एंड्रॉयड ऑटो के इस नए फीचर की मदद से अब आप अपनी कार की स्क्रीन या स्टीयरिंग बटन से ही यूट्यूब ऑडियो को आसानी से प्ले, पॉज़ और स्किप कर सकेंगे। ड्राइविंग सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया यह फीचर किसे मिलेगा और कैसे काम करता है, आइए विस्तार से जानते हैं।
विज्ञापन
एंड्रॉयड ऑटो (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : एआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अगर आप कार चलाते समय फोन को एंड्रॉयड ऑटो से कनेक्ट करके यूट्यूब पर गाने, पॉडकास्ट या इंटरव्यू सुनना पसंद करते हैं तो आपके लिए एक काम का अपडेट आया है। यूट्यूब ने एक नया फीचर पेश किया है जिससे अब आप अपनी कार के इंफोटेनमेंट स्क्रीन से ही यूट्यूब वीडियो के ऑडियो को सीधे कंट्रोल कर सकेंगे। हालांकि यह कोई बहुत बड़ा बदलाव नहीं है, लेकिन यह ड्राइविंग के दौरान आपके एक्सपीरियंस को पहले से ज्यादा आसान और सुरक्षित बना देगा।

क्या बदला है इस नए अपडेट में?

इस नए फीचर के आने के बाद, अगर आपके फोन में कोई यूट्यूब वीडियो चल रहा है तो वह सीधे आपके एंड्रॉयड ऑटो के मीडिया सेक्शन में दिखाई देने लगेगा। इससे कार चलाते समय आपको बेहद आसान कंट्रोल्स मिल जाते हैं। अब आप अपनी कार की टचस्क्रीन या स्टीयरिंग व्हील पर दिए गए बटन्स का इस्तेमाल करके ही ऑडियो को आसानी से प्ले या पॉज कर सकते हैं। इसके अलावा, इसमें स्किप का विकल्प भी मिलता है। इसकी मदद से आप बिना फोन को हाथ लगाए यहीं से सीधे अगले वीडियो पर भी जा सकते हैं।

सेफ्टी का रखा गया है पूरा ध्यान

ड्राइविंग के दौरान ड्राइवर का ध्यान न भटके, इसके लिए इस फीचर को काफी सुरक्षित और सरल रखा गया है। इसमें आपको कार की स्क्रीन पर कोई वीडियो या प्रॉपर यूट्यूब एप नजर नहीं आएगा, क्योंकि यह सुविधा पूरी तरह सिर्फ ऑडियो के लिए है। साथ ही, सुरक्षा के लिहाज से कार की स्क्रीन से नया वीडियो सर्च करने या ब्राउज़ करने की सुविधा भी नहीं दी गई है। कंट्रोल के मामले में भी इसमें एक सीमा तय है। आप वीडियो को आगे नहीं बढ़ा सकते और स्किप बटन दबाने पर यह सीधे अगले वीडियो पर चला जाता है। इसके अलावा, किसी भी वीडियो या प्लेलिस्ट को सुनने की शुरुआत आपको अपने फोन से ही करनी होगी।

किसे मिलेगा इस फीचर का फायदा?

यह नया फीचर खास तौर पर उन लोगों के लिए है जो यूट्यूब प्रीमियम का इस्तेमाल करते हैं। दरअसल, इस सुविधा के लिए बैकग्राउंड प्लेबैक फीचर होना जरूरी है, जो केवल प्रीमियम सब्सक्राइबर्स को ही मिलता है। अच्छी बात यह है कि अगर आपके पास यूट्यूब का सस्ता प्रीमियम लाइट प्लान है, तब भी आप इसका पूरा फायदा उठा सकेंगे क्योंकि इसमें भी बैकग्राउंड प्लेबैक की सुविधा दी जाती है। वहीं, जो लोग नॉर्मल या फ्री वाला यूट्यूब इस्तेमाल करते हैं, उन्हें यह कंट्रोल नहीं मिलेगा और उनके लिए यह सुविधा काम नहीं करेगी।

आगे क्या?

यह उन ड्राइवर्स के लिए एक बेहतरीन फीचर है जो सफर के दौरान लंबे डिस्कशन या पॉडकास्ट सुनते हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो आने वाले समय में एंड्रॉयड ऑटो के लिए यूट्यूब से जुड़े कुछ और फीचर्स भी आ सकते हैं, हालांकि अभी इसकी कोई पक्की टाइमलाइन नहीं दी गई है।

विज्ञापन



 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें