बाइक पर सफर करते समय जब इंजन की आवाज के साथ-साथ नीचे से खटखट या घर्र-घर्र की घरघराहट सुनाई देने लगे, तो यह चेन में गंदगी, लुब्रिकेशन की कमी का संकेत हो सकता है। अक्सर लोग इस आवाज को मामूली समझकर टाल देते हैं, लेकिन यह लापरवाही आगे चलकर महंगे रिपेयर का कारण बन सकती है। आइए जानते हैं ऐसा क्यों होता है? जांच का तरीका क्या है, और कब मैकेनिक की मदद लेना चाहिए।
क्या आपकी बाइक चलाते समय चेन से खटखट या घर्र-घर्र की आवाज आ रही है? अगर हां, तो इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। क्योंकि बाइक की चेन इंजन से मिलने वाली पावर को पिछले पहिये तक पहुंचाने में इसका खास रोल होता है। ऐसे में चेन में गंदगी जमा होने, लुब्रिकेशन की कमी से आवाज आने लगती है। समय पर इसकी जांच नहीं करने पर चेन और स्प्रोकेट को नुकसान पहुंच सकता है।
विज्ञापन
बाइक की चेन से आवाज क्यों आती है?
बाइक की चेन से आवाज आने के पीछे कई वजह हो सकती है। जैसे की इनमें चेन का सूखा होना, उस पर धूल-मिट्टी जमा होना और टेंशन का सही न होना प्रमुख हैं। इसके अलावा, चेन या स्प्रोकेट के ज्यादा घिस जाने पर भी ऐसी समस्या हो सकती है।
चेन गंदी या सूखी तो नहीं?
बाइक की चेन लगातार सड़क की धूल, मिट्टी और दूसरी गंदगी के संपर्क में रहती है। समय के साथ इस पर गंदगी और पुराना लुब्रिकेंट जमा हो सकता है। वहीं, चेन में लुब्रिकेशन की कमी होने पर भी घर्षण बढ़ता है और आवाज आने लगती है।
ऐसे में चेन की अच्छे से जांच करें। अगर इस पर गंदगी या जंग दिखाई दे रही है, तो इसे सही तरीके से साफ करें और मोटरसाइकिल निर्माता के निर्देशों के अनुसार चेन लुब्रिकेंट लगाएं। सफाई के दौरान इंजन बंद रखें और चलती चेन के पास हाथ न ले जाएं।
विज्ञापन
चेन की टेंशन और स्प्रोकेट की जांच करें
चेन से आवाज आने का एक वजह उसकी टेंशन का सही न होना भी हो सकता है। अगर चेन बहुत ढीली है, तो वह झटके खा सकती है या आसपास के हिस्सों से टकरा सकती है। वहीं, जरूरत से ज्यादा टाइट चेन पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे चेन, स्प्रोकेट और दूसरे संबंधित हिस्सों को नुकसान हो सकता है।
इसलिए बाइक की चेन का ढीलापन कंपनी के मैनुअल में दिए गए मानकों के अनुसार रखें। इसके साथ ही स्प्रोकेट के दांतों की भी जांच करें। अगर दांत नुकीले, मुड़े हुए या असमान रूप से घिसे दिखाई दें, तो मैकेनिक से जांच करवाएं। कई मामलों में घिसी हुई चेन और स्प्रोकेट को एक साथ बदलना जरूरी हो सकता है।
कब मैकेनिक को दिखाना जरूरी हो सकता है?
अगर चेन की सफाई और लुब्रिकेशन के बाद भी आवाज आ रही है, तो समस्या को नजरअंदाज न करें। लगातार तेज खटखट, चेन में जंग, टूटे या जाम लिंक और बाइक चलाते समय झटके महसूस होना खराबी के संकेत हो सकते हैं।
ऐसे में बाइक को सुरक्षित जगह पर रोकें और उसकी जांच करवाएं। अगर चेन क्षतिग्रस्त है या अपनी जगह से उतरने जैसी स्थिति में है, तो बाइक चलाते रहना खतरनाक हो सकता है। चेन को केवल आवाज बंद करने के लिए जरूरत से ज्यादा टाइट न करें।
बाइक की चेन की उम्र बढ़ाने के लिए अपनाएं ये टिप्स
बाइक की चेन और स्प्रोकेट को लंबे समय तक सही सलामत रखने के लिए उसकी नियमित रखरखाव जरूरी है। इन चीजों का ध्यान रखकर आप बाइक को सही से रख सकते हैं...
नियमित सफाई करें: चेन पर जमा धूल-मिट्टी और गंदगी को समय-समय पर साफ करें।
सही लुब्रिकेंट का इस्तेमाल करें: बाइक निर्माता के निर्देशों के अनुसार चेन लुब्रिकेंट लगाएं।
टेंशन की जांच करें: चेन का ढीलापन कंपनी के मैनुअल में दिए गए मानकों के मुताबिक रखें।
स्प्रोकेट पर ध्यान दें: उसके दांतों में असामान्य घिसावट दिखाई देने पर मैकेनिक से जांच करवाएं।
समस्या को नजरअंदाज न करें: आवाज, झटके या चेन में खराबी महसूस होने पर समय रहते जांच कराएं।