सर्दियों शुरू होते ही कार चलाने वालों की मुश्किलें भी बढ़ने लगती हैं। कम तापमान का असर कार की बैटरी से लेकर टायर, इंजन ऑयल और कूलिंग सिस्टम तक पर पड़ता है। कई बार ठंड में कार स्टार्ट करने में परेशानी आती है, तो कभी टायर का प्रेशर कम हो जाता है। ऐसे में जरूरी है कि सर्दियां बढ़ने से पहले ही गाड़ी की सही तरीके से देखभाल कर ली जाए। आइए इस लेख में ऐसे पांच टिप्स के बारे में जानते हैं, जिन्हें अपनाकर आप ठंड के मौसम में अपनी कार को खराब होने से बचा सकते हैं।
1. कार की बैटरी की जरूर कराएं जांच
- सर्दियों की शुरूआत हो चुकी है। तेज ठंड में कार की बैटरी पर सबसे ज्यादा ध्यान देने की जरूरत होती है। कम तापमान में बैटरी की क्षमता कमजोर पड़ सकती है। इसका असर कार स्टार्ट होने पर भी दिखाई देता है। कई बार सुबह के समय गाड़ी स्टार्ट करने में परेशानी आने लगती है।
- ऐसे में अगर आपकी कार की बैटरी पुरानी है, तो उसकी चार्जिंग जरूर चेक करवाएं। इसके साथ ही बैटरी के टर्मिनल्स की सफाई भी कराएं। अगर बैटरी की हालत ठीक नहीं है और वह सही तरीके से काम नहीं कर रही है, तो जरूरत पड़ने पर उसे बदलवा लें।
2. टायर प्रेशर और उनकी कंडीशन चेक करें
- ठंड के मौसम में तापमान गिरने के साथ टायरों का प्रेशर भी कम हो सकता है। कम प्रेशर में गाड़ी चलाने से ड्राइविंग के दौरान परेशानी हो सकती है। इसलिए सर्दियों में नियमित रूप से टायर प्रेशर चेक करना जरूरी है।
- सिर्फ हवा का प्रेशर ही नहीं, टायरों की कंडीशन पर भी ध्यान दें। उनके ट्रेड की गहराई जांचें। अगर टायर ज्यादा घिस चुके हैं, तो उन्हें बदलवाना बेहतर है। इससे गाड़ी की सड़क पर पकड़ बनाए रखने में मदद मिलती है।
3. कूलेंट और एंटीफ्रीज का रखें ध्यान
- इसी के साथ में सर्दियों में कार के कूलिंग सिस्टम की जांच करना भी जरूरी है। इसके लिए रेडिएटर में कूलेंट का लेवल चेक करें। ध्यान रखें कि कूलेंट का स्तर सही हो और उसमें एंटीफ्रीज मिला हो।
- एंटीफ्रीज मिला कूलेंट कम तापमान में इंजन के कूलिंग सिस्टम में तरल को जमने से बचाने में मदद करता है। इसलिए ठंड के मौसम में सही कूलेंट का इस्तेमाल करना जरूरी है। समय-समय पर इसके लेवल की जांच भी करते रहें।
4. वाइपर ब्लेड और वॉशर फ्लूइड को न करें नजरअंदाज
- सर्दियों में कई बार सुबह के समय कार के शीशे पर धुंध और गंदगी जम जाती है। ऐसे में साफ शीशा ड्राइविंग के लिए बहुत जरूरी है। अगर वाइपर ब्लेड पुराने या खराब हो चुके हैं, तो वे शीशे को ठीक से साफ नहीं कर पाते।
- इसलिए सर्दियां शुरू होने से पहले पुराने वाइपर ब्लेड बदलवा लें। इसके अलावा वॉशर फ्लूइड का भी ध्यान रखें। ठंड के मौसम में एंटीफ्रीज वाला वॉशर फ्लूइड इस्तेमाल करें, ताकि कम तापमान में वह जमने से बचा रहे।
5. इंजन ऑयल और हीटर सिस्टम की जांच करें
- ठंड का असर इंजन ऑयल पर भी पड़ता है। कम तापमान में इंजन ऑयल गाढ़ा हो सकता है, जिससे इंजन को सही तरीके से काम करने में परेशानी हो सकती है। इसलिए सर्दियों में कार के लिए सही ग्रेड का इंजन ऑयल इस्तेमाल करना जरूरी है।
- इसके साथ ही कार के हीटर और डिफ्रॉस्टर की भी जांच करवाएं। ठंड में केबिन को गर्म रखने और शीशों पर जमी धुंध हटाने में इनकी अहम भूमिका होती है। इसके अलावा कार की लाइट्स भी चेक करवा लें, ताकि कम रोशनी और कोहरे के दौरान ड्राइविंग में परेशानी न हो।
सर्दियों से पहले कर लें कार की तैयारी
सर्दियों में कार की छोटी-छोटी परेशानियां भी कभी-कभी बड़ी दिक्कत बन सकती हैं। इसलिए बैटरी, टायर, कूलेंट, वाइपर, इंजन ऑयल और हीटर सिस्टम की समय पर जांच करवाना जरूरी है। इन पांच आसान बातों का ध्यान रखकर आप ठंड के मौसम में कार को बेहतर स्थिति में रख सकते हैं और सफर के दौरान होने वाली परेशानियों से बच सकते हैं।