धौला कुआं से मानेसर के बीच हवाई पॉड सिस्टम की तैयारी
नितिन गडकरी ने कहा कि दिल्ली के धौला कुआं से मानेसर के बीच सड़क पर भारी ट्रैफिक को देखते हुए वहां हवाई पॉड सिस्टम शुरू करने की योजना है। उन्होंने बताया कि यह पॉड सिस्टम हवा में चलेगा और इस पर काम शुरू किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "हम धौला कुआं से मानेसर तक हवा में पॉड सिस्टम शुरू करना चाहते हैं क्योंकि इस सड़क पर बहुत अधिक यातायात है।"
उन्होंने यह भी कहा कि इसी तरह का एक अध्ययन बंगलूरू में भी किया जा रहा है। जो खास तौर पर बारिश के दौरान अपने भयंकर ट्रैफिक जाम के लिए बदनाम है।
पॉड सिस्टम क्या होता है?
पॉड बेस्ड ट्रांसपोर्ट सिस्टम में छोटे-छोटे ड्राइवर-रहित इलेक्ट्रिक वाहन होते हैं, जो ऊंचे ट्रैक पर चलते हैं। ये या तो ऊपर की रेल से लटकते हैं या उसके ऊपर चलते हैं। यह एक ऑन-डिमांड टैक्सी जैसी सुविधा देता है, जिसमें यात्री जरूरत पड़ने पर पॉड बुला सकते हैं और बिना किसी रुकावट के अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं। एक पॉड में आमतौर पर 5 से 6 लोग बैठ सकते हैं।
यह भी पढ़ें - Rare Earth Magnets: रेयर अर्थ मैग्नेट्स के आयात को लेकर इंडियन ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री ने सरकार से मांगी मदद
उत्तराखंड और कश्मीर में डबल-डेकर बसों की योजना
गडकरी ने आगे बताया कि उत्तराखंड और कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में दो पहाड़ों को जोड़ने के लिए डबल-डेकर बसों की योजना भी बनाई जा रही है। ये बसें आधुनिक तकनीक से लैस होंगी और मुश्किल इलाकों में भी आसानी से आवाजाही सुनिश्चित करेंगी।
यह भी पढ़ें - 2025 TVS Apache RTR 200 4V: नई 2025 अपाचे आरटीआर 200 4V भारत में लॉन्च, जानें कीमत और फीचर्स
नागपुर में शुरू हुई फ्लैश-चार्जिंग इलेक्ट्रिक बस
उन्होंने यह भी बताया कि नागपुर में एक हाई-स्पीड फ्लैश-चार्जिंग इलेक्ट्रिक बस की शुरुआत हो चुकी है। यह बस 135 सीटों वाली है और 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी। खास बात यह है कि यह हर 40 किलोमीटर पर सिर्फ 30 सेकंड के लिए रुकेगी, ताकि यात्री चढ़-उतर सकें और उसी समय बस चार्ज भी हो जाएगी। इस बस में एग्जीक्यूटिव क्लास की सीटें और हर सीट के सामने टीवी भी होंगे।
गडकरी के अनुसार, यह बस कम बैटरी पावर से चलेगी, जिससे इसकी लागत कम होगी और किराया डीजल बसों की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत सस्ता होगा।
यह भी पढ़ें - 2025 Suzuki GSX-8R: नई 2025 सुजुकी GSX-8R भारत में हुई लॉन्च, जानें कीमत, फीचर्स और क्या है नया
आगे किन रूट्स पर दौड़ेगी यह हाई-टेक बस?
अगर नागपुर की यह योजना सफल होती है, तो सरकार इसे दिल्ली-जयपुर, दिल्ली-देहरादून, बंगलूरू-चेन्नई, मुंबई-नासिक और पुणे जैसे रूट्स पर भी शुरू करने की तैयारी में है। इससे आने वाले समय में यात्रियों को एक सस्ता, तेज और आरामदायक ट्रांसपोर्ट विकल्प मिलेगा।
यह भी पढ़ें - Audi A4 Signature Edition: भारत में लॉन्च हुई ऑडी ए4 सिग्नेचर एडिशन, जानें कीमत और क्या हुए बदलाव