चीन की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी Great Wall Motors (ग्रेट वॉल मोटर्स) (GWM) ने भारतीय बाजार में एंट्री की अपनी योजना को छोड़ दिया है। रिपोर्टों से पता चलता है कि कंपनी ने अपने कार्यालयों को बंद कर दिया है और सभी 11 भारतीय कर्मचारियों को निकाल दिया है।
GWM की भारत में एक अरब डॉलर निवेश करने की योजना थी। हालांकि, यह अप्रैल 2020 में लागू हुए नए FDI नियमों के बाद नियामक अनुमोदन हासिल करने में नाकाम रही। गालवान घाटी में चीनी सैनिक और भारतीय सैनिकों की झड़प के बाद भारत और चीन के बीच बढ़े हुए सीमा तनाव के बाद एफडीआई नियमों में बदलाव किया गया था।
Auto Expo 2020 GWM Ora R1
- फोटो : GWM
GWM पुणे के पास तालेगांव में जनरल मोटर्स के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के अधिग्रहण के लिए भी बातचीत कर रही थी। कंपनी द्वारा सरकार से FDI की मंजूरी हासिल करने में असफल रहने के बाद यह सौदा रद्द कर दिया गया था।
ग्रेट वॉल मोटर्स चीन में सबसे बड़े एसयूवी ब्रांडों में से एक है। कंपनी ने अपने उत्पादों को 2020 ऑटो एक्सपो में पेश किया था। इस एक्सपो में GWM ने एक इलेक्ट्रिक कार की झलक दिखाई थी, जिसे दुनिया की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार बताया जा रहा था।
अब कंपनी ने भारत से अपना बोरिया-बिस्तर समेटने के बाद इस कार के यहां लॉन्च होने की उम्मीद भी खत्म हो गई है।
ORA R1 Electric Car
- फोटो : For Reference Only
बैटरी और रेंज
अंतरराष्ट्रीय बाजार में Great Wall Motors अपनी इलेक्ट्रिक कार R1 को Ora EV सब-ब्रांड के तहत बेचता है। ORA (Open, Reliable and Alternative) यानी उन्मुक्त, विश्वसनीय और वैकल्पिक। कंपनी ने इसे ऑल इलेक्ट्रिक ME प्लेफॉर्म पर तैयार किया है। इसमें 33kWh का लीथियम आयन बैटरी पैक और 33kW का इलेक्ट्रिक मोटर दिया गया है। कंपनी का दावा है कि R1 को फुल चार्जिंग के बाद 351 किलोमीटर तक चलाया जा सकता है।