फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क हादसों पर लगेगा ब्रेक: भारत में जल्द अनिवार्य होगा एडवांस इमरजेंसी ब्रेकिंग सिस्टम, जानें कैसे बचाएगा जान

Fri, 13 Nov 2026 07:00 AM IST
जागृति शुक्ला ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • कारों में एईबीएस अनिवार्य होगा।
  • AEBS खुद लगाता है इमरजेंसी ब्रेक।
  • खतरा भांपकर ड्राइवर को अलर्ट करता है।
  • तीन चरणों में काम करता है सिस्टम।
  • ADAS तकनीक का अहम हिस्सा है AEBS।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : एआई जनरेटेड
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सड़क दुर्घटनाओं के ग्राफ को तेजी से नीचे लाने और यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए सरकार ने एक बहुत बड़ा कदम उठाया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने देश में रोड सेफ्टी को और मजबूत करने के उद्देश्य से एक प्रस्ताव तैयार किया है, जिसके तहत आने वाले समय में गाड़ियों में एडवांस इमरजेंसी ब्रेकिंग सिस्टम (AEBS) का होना अनिवार्य कर दिया जाएगा।

विज्ञापन


कब और किन गाड़ियों पर लागू होगा नया नियम?
मंत्रालय के प्रस्ताव के मुताबिक, इस नियम को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा सकता है।

  • नए मॉडलों के लिए: एक अक्तूबर, 2030 से लॉन्च होने वाले सभी नए कार मॉडलों के लिए एईबीएस (AEBS) अनिवार्य होगा।
  • मौजूदा प्रोडक्शन मॉडल्स के लिए: तय डेडलाइन से पहले ही जो मॉडल पहले से उत्पादन में हैं, उन्हें दो साल का अतिरिक्त समय दिया गया है। ऐसे मॉडल्स पर यह नियम एक अक्तूबर, 2032 से लागू होगा।
  • ट्रकों के लिए भी बड़ा कदम: भारी वाहनों और ट्रकों की ब्रेकिंग परफॉर्मेंस को सुधारने के लिए सरकार ने विशेष उपाय किए हैं। एक अक्तूबर, 2027 से सभी ट्रकों के लिए इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) सिस्टम अनिवार्य कर दिए जाएंगे।

कारों में एईबीएस अनिवार्य होगा
सड़क पर कई बार ऐसा होता है, जब ड्राइवर के पास ब्रेक लगाने के लिए बहुत कम समय बचता है। सामने अचानक कोई वाहन आ जाए या रास्ते में कोई रुकावट दिखे, तो एक छोटी सी देरी भी हादसे की वजह बन सकती है। ऐसी परिस्थितियों में कार का एक खास सेफ्टी फीचर मदद कर सकता है, जिसका नाम है ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग सिस्टम यानी AEBS। यह खतरे को भांपकर पहले ड्राइवर को चेतावनी देता है और जरूरत पड़ने पर खुद ही ब्रेक लगा सकता है। आइए जानते हैं कि AEBS क्या है और यह किस तरह काम करता है।

विज्ञापन


एईबीएस क्या होता है?

  • एईबीएस का पूरा नाम ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग सिस्टम है। यह कार में मिलने वाली एक एडवांस सेफ्टी तकनीक है, जो एडीएएस यानी एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम का हिस्सा है। इसका मुख्य काम संभावित टक्कर के खतरे को पहचानना और जरूरत पड़ने पर कार की रफ्तार कम करना या उसे रोकना है।
  • आमतौर पर जब ड्राइवर सामने मौजूद खतरे को समय रहते नहीं पहचान पाता या इमरजेंसी में ब्रेक नहीं लगा पाता, तब एईबीएस एक्टिव हो सकता है। यह पहले ड्राइवर को अलर्ट करता है। अगर इसके बाद भी ड्राइवर प्रतिक्रिया नहीं देता, तो सिस्टम अपने आप ब्रेक लगा देता है। इसका मकसद टक्कर से बचना या टक्कर होने की स्थिति में उसके प्रभाव को कम करना है।


एईबीएस कैसे काम करता है?
एईबीएस खतरे को पहचानने के बाद एक साथ तेज ब्रेक नहीं लगाता। यह तीन चरणों में काम करता है, ताकि ड्राइवर को खुद स्थिति संभालने का मौका मिल सके।

1. पहले ड्राइवर को चेतावनी देता है
जब सिस्टम को सामने टक्कर का खतरा महसूस होता है, तो यह ड्राइवर को आवाज या डैशबोर्ड पर संकेत के जरिए अलर्ट करता है। इससे ड्राइवर को समय रहते ब्रेक लगाने का मौका मिलता है।

2. हल्का ब्रेक लगाता है
अगर चेतावनी के बाद भी ड्राइवर समय पर ब्रेक नहीं लगाता, तो सिस्टम हल्का ब्रेक लगाना शुरू कर देता है। इससे कार की रफ्तार कम करने में मदद मिलती है।

3. खुद लगाता है इमरजेंसी ब्रेक
अगर इसके बाद भी ड्राइवर कोई प्रतिक्रिया नहीं देता और टक्कर का खतरा बना रहता है, तो एईबीएस अपने आप तेजी से इमरजेंसी ब्रेक लगा देता है। इससे हादसे को टालने या उसके असर को कम करने में मदद मिल सकती है।

क्या हर स्थिति में काम करता है एईबीएस ?

  • एक्सपर्ट्स कहते हैं कि एईबीएस एक मददगार सेफ्टी फीचर है, लेकिन इसकी कुछ सीमाएं भी हैं। बारिश, घना कोहरा, धूल भरी आंधी और अंधेरे जैसी परिस्थितियों में इसके सेंसर ठीक से काम नहीं कर सकते। इसके अलावा बहुत तीखे मोड़ या अचानक सामने आने वाली रुकावटों को पहचानने में भी सिस्टम को परेशानी हो सकती है।
  • इसलिए यह जरूरी नहीं कि एईबीएस हर स्थिति में हादसे को पूरी तरह रोक दे। यह ड्राइवर की सतर्कता और सही तरीके से गाड़ी चलाने का विकल्प नहीं है। इसे एक अतिरिक्त सुरक्षा सुविधा के तौर पर ही देखना चाहिए।


दुनिया के कई देशों में सुरक्षा नियमों का हिस्सा

  • एईबीएस जैसी तकनीक को यूरोपीय संघ, जापान और अमेरिका सहित कई देशों में वाहन सुरक्षा नियमों में शामिल किया जा चुका है। भारत में भी इस तकनीक को लेकर नियम तय किए गए हैं। नए मॉडल्स के लिए अक्तूबर 2030 से AEBS अनिवार्य करने का प्रावधान है, जबकि इस तारीख से पहले से प्रोडक्शन में चल रहे मॉडल्स को एक अक्तूबर 2032 तक का समय दिया गया है।
  • यह नियम एम1 कैटेगरी के वाहनों पर लागू होगा। इस श्रेणी में ड्राइवर के अलावा आठ सीटों तक वाले पैसेंजर वाहन आते हैं, जिनमें ज्यादातर कारें और एसयूवी शामिल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें