कार से यात्रा करना इतना आम हो गया है कि हम में से कई लोग इस बात पर ध्यान ही नहीं देते कि हम गाड़ी में कैसे बैठते हैं। कार में सफर करते समय कुछ सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है। जैसे कि यह जांच करना कि गाड़ी ठीक से काम कर रही हो, ज्यादा सामान न लादना और छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना, और सबसे महत्वपूर्ण, सही पोस्चर (मुद्रा) में बैठना। कार चलाते समय आराम की चाहत रखना बुरी बात नहीं है। लेकिन पैरों को डैशबोर्ड पर रखना एक खतरनाक आदत है। आइए जानते हैं क्यों।
गंभीर चोट का जोखिम
अचानक रुकने या दुर्घटना होने पर, बिना सपोर्ट के पैर आगे की ओर बढ़ सकते हैं, जिससे घुटने, टखने और पैरों में गंभीर चोट लग सकती है। टक्कर के दौरान एयर बैग खुलने से पैरों पर भी चोट लग सकती है। टक्कर का प्रभाव तीव्र होता है और पैर सिर की ओर पीछे धकेल दिए जाते हैं। इसकी वजह से शरीर पीछे की ओर झुक सकता है। इतना ही नहीं डैशबोर्ड की हार्ड सतह से सीधे टकराने से खोपड़ी में भी चोट लगने का खतरा रहता है।
वाहन नियंत्रण खोने का जोखिम
डैशबोर्ड पर पैर रखने से ड्राइविंग में ध्यान भंग होता है और रिफ्लेक्स समय भी कम हो सकता है। अचानक ब्रेक लगाने या स्टीयरिंग को संभालने की क्षमता कमजोर हो सकती है। पैर फंसने या फिसलने से वाहन नियंत्रण खोने का जोखिम भी बढ़ जाता है, जिससे दुर्घटना होने की संभावना बढ़ जाती है।
वाहन की क्षति का जोखिम
डैशबोर्ड पर लगातार पैर रखने से घिसावट, खरोंच या टूट-फूट हो सकती है। यह कार के मूल्य को कम कर सकता है और मरम्मत का खर्च बढ़ा सकता है।
क्या है सुरक्षित तरीका
- पैरों को फर्श पर रखना सबसे सुरक्षित तरीका है। सीट को आरामदायक स्थिति में एडजस्ट करें ताकि आप स्टीयरिंग और पैडल तक आसानी से पहुंच सकें।
- लंबी यात्राओं के दौरान, थकान कम करने के लिए थोड़ा रुककर पैरों को स्ट्रेच करना एक बेहतर विकल्प है।
- याद रखें सुरक्षित ड्राइविंग के लिए आराम महत्वपूर्ण है, लेकिन यह जोखिम उठाकर नहीं।
इसलिए डैशबोर्ड पर पैर रखने की आदत को छोड़ दें और अपने और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।