सड़कों पर गाड़ियां ठीक तरह से चले इसके लिए जरूरी है कि लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करें। ट्रैफिक व्यवस्थित तरीके से चले इसलिए चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस नियम तोड़ने वालों की धर पकड़ करती है। हालांकि, आजकल कई जगहों और मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे की मदद भी ली जा रही है। अगर नियम तोड़ने वाला कोई वाहन चालक ट्रैफिक पुलिस से बचकर निकल गया तो वह सीसीटीवी कैमरे की निगाहों से नहीं बच सकता। ये सीसीटीवी कैमरे नियम का उल्लंघन करने पर चालान काट देते हैं।
हालांकि, तकनीक पर बढ़ती निर्भरता कभी-कभी हमें परेशानी में भी डाल देती है। ऐसा ही एक मामला सीसीटीवी कैमरे से हुए गलत चालान के रूप में सामने आया है। दरअसल, बेंगलुरु में काले रंग की टी-शर्ट पहनकर कार चला रहे एक शख्स का चालान कट गया, जिसके बाद कपड़े के रंग को लेकर लोगों को सतर्क रहने की बात कही जा रही है।
Traffic Challan
- फोटो : FREEPIK
काले रंग के टी-शर्ट से धोखा खा गया कैमरा
दरअसल, ज्यादातर कारों की सीट बेल्ट का रंग काला होता है। इसका नुकसान यह है कि अगर आप काले रंग की शर्ट या टी-शर्ट पहनेंगे तो कलर मैच होने के वजह से सीट बेल्ट कैमरे को नहीं दिखेगा और उसे लगेगा कि आपने सीट बेल्ट नहीं लगाया है और आपका चालान कट जाएगा। बेंगलुरु के इस शख्स के साथ कुछ ऐसा ही हुआ।
सड़क पर अगर कोई पुलिस अधिकारी आपको रोकता है तो उन्हें तो दिख जाएगा कि आपने काले रंग पर सीट बेल्ट लगाई है, लेकिन ये बात कैमरा नहीं समझता है। जिस कारण बहुत से लोगों के ट्रैफिक चालान कट जाते हैं।
ई-चालान
- फोटो : अमर उजाला
किस सेक्शन के तहत चालान?
कैमरा ड्राइविंग करते वक्त आपकी फोटो क्लिक कर लेता है कि आपने सीट बेल्ट नहीं लगाई है और फिर मोटर व्हीकल एक्ट के सेक्शन 194B के तहत चालान काट देता है। इस सेक्शन के तहत पहली बार 1000 रुपये और हर बार गलती दोहराने पर 1000 रुपये का चालान काटा जाता है।
इन बातों का रखें ध्यान
अब ऐसे में ये सवाल उठता है कि ऐसे हालात में चालान से बचने के लिए क्या करना चाहिए। अगर आप कार चला रहे हों तो ध्यान रखें की ऊपर काले रंग के कपड़े न पहनें। इसके जगह आप हल्के रंग के कपड़े पहन कर ड्राइव करें, या फिर ऐसे कपड़े पहने जिसके ऊपर सीट बेल्ट ठीक तरह से दिखे।