फॉक्सवैगन ने अपने इलेक्ट्रिक एरा में 'GTI' की शानदार एंट्री करा दी है। कंपनी ने आइकॉनिक Golf GTI के 50 साल पूरे होने के एतिहासिक मौके पर अपनी नई ID Polo GTI को पेश किया है। आमतौर पर देखा गया है कि फॉक्सवैगन किसी भी नए मॉडल का GTI (ग्रैंड टूरिंग इंजेक्शन) वर्जन लाने में महीनों या उससे भी ज्यादा का वक्त लेती है, लेकिन ID Polo के साथ कंपनी ने एक अलग ही रास्ता चुना है।
Nurburgring 24 Hours रेस के दौरान पहली बार दुनिया के सामने आई ID Polo GTI का लुक रेगुलर मॉडल के मुकाबले काफी ज्यादा एग्रेसिव और स्पोर्टी है। इसके फ्रंट लुक की बात करें तो कंपनी ने इसमें नए डिज़ाइन के बंपर दिए हैं। जबकि रेगुलर मॉडल में मिलने वाली वर्टिकल DRLs को हटा दिया गया है। इसकी जगह मैट्रिक्स LED हेडलाइट्स के ठीक नीचे GTI की सिग्नेचर रेड (लाल) एक्सेंट लाइन और एक खूबसूरत इल्यूमिनेटेड फ्रंट बार दी गई है।
सिर्फ बाहर से ही नहीं, बल्कि कार के इंटीरियर में कदम रखते ही आपको एक अलग और स्पोर्टी फील मिलेगा। केबिन को पूरी तरह से री-डिजाइन करते हुए इसमें ब्लैक और रेड कलर की एक बेहद खूबसूरत डार्क थीम का इस्तेमाल किया गया है। कार की फ्रंट सीट्स को खास तौर पर अपग्रेड किया गया है ताकि तेज रफ्तार में घुमावदार रास्तों पर ड्राइवर और पैसेंजर को बेहतरीन साइड (लैटरल) सपोर्ट मिल सके।
इसके अलावा स्टीयरिंग व्हील, सीट्स और डोर पैड्स पर की गई रेड स्टिचिंग (सिलाई) के साथ-साथ सीट्स के बैकरेस्ट और स्टीयरिंग पर दिए गए GTI बैज इसके लुक में चार चांद लगाते हैं, वहीं डैशबोर्ड के बीच में दी गई शाइनी सिल्वर ट्रिम केबिन को काफी प्रीमियम टच देती है।
तकनीक और फीचर्स के मामले में भी यह कार काफी एडवांस है। इसमें ड्राइवर के लिए रेट्रो-थीम वाले वर्चुअल डायल्स के साथ 10.25-इंच का डिजिटल डिस्प्ले और एंटरटेनमेंट के लिए एक बड़ा 12.9-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। इसके अलावा वायरलेस फोन चार्जर और डुअल-ज़ोन क्लाइमेट कंट्रोल जैसे जरूरी फीचर्स इसमें स्टैंडर्ड मिलते हैं।
वहीं अगर आप अपने सफर को और भी शानदार बनाना चाहते हैं तो ऑप्शनल फीचर्स के तौर पर हरमन कार्डन का दमदार साउंड सिस्टम, मसाज फंक्शन वाली 12-वे पावर्ड फ्रंट सीट्स और एक बड़ी फिक्स्ड पैनोरमिक ग्लास रूफ (सनरूफ) भी चुन सकते हैं।
पावर और परफॉर्मेंस के मामले में यह इलेक्ट्रिक कार अपने आइकॉनिक नाम 'GTI' को पूरी तरह से सही साबित करती है। कंपनी ने इसमें 52 kWh का दमदार बैटरी पैक दिया है, जो फ्रंट-एक्सल पर लगी एक पावरफुल इलेक्ट्रिक मोटर (FWD) के साथ मिलकर काम करता है। यह सेटअप 226 hp की मैक्सिमम पावर और 229 Nm का टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। इसकी बदौलत यह हैचबैक महज़ 6.8 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है और आसानी से 175 किमी/घंटा की टॉप स्पीड तक पहुंच जाती है।
सिर्फ रफ्तार ही नहीं, लंबी दूरी के मामले में भी यह कार काफी व्यावहारिक है। एक बार फुल चार्ज होने पर यह 424 किलोमीटर तक की शानदार रेंज (WLTP-रेटेड) देती है। चार्जिंग को आसान बनाने के लिए इसमें 105 kW की DC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है, जिसकी मदद से कार की बैटरी को सिर्फ 24 मिनट में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है। वैसे आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इसका रेगुलर (स्टैंडर्ड) 52 kWh मॉडल इस GTI वर्जन के मुकाबले करीब 15 hp कम पावर जनरेट करता है, लेकिन कम पावर होने की वजह से वह इससे 30 किलोमीटर ज्यादा की रेंज दे देता है।
सड़क पर कार का कंट्रोल और हैंडलिंग को एकदम परफेक्ट बनाने के लिए फॉक्सवैगन ने इसके राइड हाइट (जमीन से कार की ऊंचाई) को थोड़ा कम किया है, जिससे तेज रफ्तार में भी कार सड़क से चिपकी रहती है। इसके साथ ही कार में अडैप्टिव स्पोर्ट्स सस्पेंशन को स्टैंडर्ड तौर पर शामिल किया गया है। कमाल की बात यह है कि कंपनी ने इसके पुराने पेट्रोल (ICE) वर्जन वाली Polo GTI की विरासत को बरकरार रखते हुए। इसमें इलेक्ट्रॉनिक रूप से लॉक होने वाला फ्रंट डिफरेंशियल भी दिया है, जो कोनों और तीखे मोड़ों पर कार का बैलेंस नहीं बिगड़ने देता।
इस कार की सबसे बड़ी खासियत इसका नया GTI ड्राइविंग प्रोफाइल मोड है। ड्राइवर के लिए यह किसी जादुई बटन जैसा है, जिसे सिर्फ एक बार दबाते ही कार का सस्पेंशन और ड्राइव सिस्टम पूरी तरह से री-ट्यून होकर एक बेहद आक्रामक और स्पोर्टी सेटअप में बदल जाता है। कुल मिलाकर, यह इलेक्ट्रिक हॉट हैचबैक न सिर्फ रफ्तार का रोमांच देती है, बल्कि हर तरह के रास्तों पर ड्राइवर को एक गजब का कॉन्फिडेंस भी भरोसा दिलाती है।