भारत में इलेक्ट्रिक कारों का बाजार लगातार बढ़ रहा है और कंपनियां नए सेगमेंट में ईवी लाने की तैयारी कर रही हैं। इसी कड़ी में ह्यूंदै की अपकमिंग इलेक्ट्रिक एसयूवी HE1i को एक बार फिर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। इस बार इसके दो अलग-अलग प्रोटोटाइप सामने आए हैं। दोनों टेस्ट कारों में हेडलैंप सेटअप अलग नजर आया है। वहीं, एक प्रोटोटाइप को चार्जिंग स्टेशन पर भी देखा गया, जहां ह्यूंदै की टीम 120kW चार्जिंग कनेक्टर की उपलब्धता के बारे में पूछताछ करती नजर आई। HE1i को सब-4 मीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी के तौर पर लाया जाएगा और इसे क्रेटा इलेक्ट्रिक से नीचे वाले सेगमेंट में रखा जाएगा।
फिर टेस्टिंग के दौरान दिखी HE1i
- ह्यूंदै HE1i की टेस्टिंग लगातार जारी है। लॉन्च से पहले इसे एक बार फिर स्पॉट किया गया है, इस बार इसके दो अलग-अलग प्रोटोटाइप सामने आए हैं। इनमें से एक टेस्टिंग यूनिट को विजयवाड़ा के ह्यूंदै माया ऑटोबान स्टेशन के पास देखा गया, जबकि दूसरी सड़क पर टेस्टिंग करती नजर आई।
- दोनों प्रोटोटाइप की तस्वीरों को देखने पर इनके हेडलैंप सेटअप में अंतर साफ दिखाई देता है। इससे यह संकेत मिलता है कि ह्यूंदै इस इलेक्ट्रिक एसयूवी के अलग-अलग वेरिएंट या लाइटिंग सेटअप की टेस्टिंग कर रही हो सकती है।
120kW चार्जर को लेकर क्या सामने आया?
- चार्जिंग स्टेशन पर देखी गई टेस्ट कार से जुड़े फोटो साेशल मीडिया पर शेयर किए हैं। उनके अनुसार, ह्यूंदै की टीम यह पता कर रही थी कि स्टेशन पर 120kW चार्जिंग कनेक्टर उपलब्ध है या नहीं। बताया गया है कि इस स्टेशन पर 180kW और 120kW क्षमता वाले दो DC चार्जर हैं। दोनों चार्जर में दो-दो CCS-2 कनेक्टर दिए गए हैं।
- हालांकि, इससे यह कंफर्म नहीं होता कि HE1i 120kW की अधिकतम चार्जिंग स्पीड को सपोर्ट करेगी। किसी इलेक्ट्रिक कार को ज्यादा क्षमता वाले चार्जर से कनेक्ट करने पर भी वह अपनी अधिकतम क्षमता के अनुसार ही पावर ले सकती है। ह्यूंदै ने अभी तक HE1i की अधिकतम चार्जिंग क्षमता या इसके चार्जिंग टाइम से जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
दो अलग हेडलैंप सेटअप ने बढ़ाई उत्सुकता
- कार लवर्स के मन में अब इसकी लॉन्चिंग को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। दोनों टेस्ट कारों की तस्वीरों को एक साथ देखने पर सबसे बड़ा अंतर इनके निचले हेडलैंप सेटअप में दिखाई देता है।
- चार्जिंग स्टेशन पर खड़ी टेस्ट कार के लोअर हेडलैंप हाउसिंग में पतली हॉरिजॉन्टल लाइटिंग दिखाई देती है। दूसरी ओर, सड़क पर टेस्टिंग कर रही कार में इसी जगह बड़ा प्रोजेक्टर जैसा सेटअप नजर आया है।
- हालांकि, दोनों कारों में ऊपर की तरफ दी गई पतली लाइट स्ट्रिप लगभग एक जैसी दिखाई देती है। ऐसे में HE1i में स्प्लिट-हेडलैंप डिजाइन मिलने की उम्मीद की जा रही है। अलग-अलग हेडलैंप सेटअप इस बात का भी संकेत दे सकते हैं कि ह्यूंदै अलग-अलग वेरिएंट के लिए अलग लाइटिंग ऑप्शन्स की टेस्टिंग कर रही है।
बॉक्सी डिजाइन और नए अलॉय व्हील
- दोनों प्रोटोटाइप का डिजाइन बॉक्सी नजर आता है। इसमें बड़े विंडोज, लगभग सीधी रूफलाइन और ऊंचा केबिन दिया गया है, जो इसे ट्रेडिशनल कॉम्पैक्ट एसयूवी जैसा लुक देता है।
- टेस्टिंग के दौरान ज्योमेट्रिक डिजाइन वाले ड्यूल-टोन अलॉय व्हील भी दिखाई दिए हैं। सड़क पर नजर आई टेस्ट कार में रूफ रेल्स भी देखी गईं। इसके अलावा पीछे की तरफ छोटे हॉरिजॉन्टल टेललैंप नजर आए हैं।
- हालांकि, टेस्ट कार पर भारी कवरिंग मौजूद होने की वजह से इसके बंपर, डोर्स और टेलगेट का पूरा डिजाइन अभी सामने नहीं आया है।
केबिन में बड़ा टचस्क्रीन और लेवल 2 एडीएएस
- इससे पहले सामने आई HE1i की तस्वीरों में इसका इंटीरियर भी नजर आया था। इसमें बड़ा सेंटर टचस्क्रीन और उसके साथ स्लिम ड्राइवर डिस्प्ले दिखाई दिया था।
- ह्यूंदै की इस अपकमिंग कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक एसयूवी में न्यू जेनरेशन इन्फोटेनमेंट सिस्टम मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा इसमें Level 2 एडीएएस भी दिया जा सकता है। कंपनी का प्लेओस कनेक्ट सिस्टम भी HE1i के टेक्निकल पैकेज का हिस्सा हो सकता है।
E-GMP (K) प्लेटफॉर्म पर तैयार होने की रिपोर्ट
रिपोर्ट्स के अनुसार,ह्यूंदै HE1i को कंपनी के E-GMP (K) प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जा रहा है। ग्लोबल मार्केट में बिकने वाली इनस्टर भी इसी प्लेटफॉर्म पर आधारित है। इनस्टर में 42kWh और 49kWh बैटरी के विकल्प मिलते हैं। हालांकि, भारत में HE1i को कौनसी बैटरी क्षमता के साथ पेश किया जाएगा, इसकी अभी पक्की जानकारी सामने नहीं आई है। इसलिए फिलहाल HE1i की बैटरी, रेंज और चार्जिंग क्षमता को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार करना होगा।
कब तक हो सकती है अनवील?
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ह्यूंदै अपनी इस सब-4 मीटर इलेक्ट्रिक SUV को फरवरी 2027 में होने वाले ऑटो एक्सपो में शोकेस कर सकती है। फिलहाल HE1i की टेस्टिंग जारी है और सामने आए दोनों प्रोटोटाइप से इसकी लाइटिंग और चार्जिंग से जुड़ी कुछ नई जानकारियां जरूर मिली हैं। हालांकि, इसके डिजाइन, बैटरी और चार्जिंग क्षमता से जुड़े कई अहम विवरण अभी आधिकारिक तौर पर सामने आना बाकी हैं।