जापानी कार निर्माता टोयोटा ने भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025 में हाइब्रिड वाहनों की एक बड़ी रेंज का प्रदर्शन किया। टोयोटा ने बताया कि भविष्य ग्रीन वाहनों का है, ऐसे में कंपनी अपना फोकस हाइब्रिड, बैटरी व्हीकल और प्लग-इन हाइब्रिड वाहनों पर बढ़ा रही है। ऑटो एक्सपो में कंपनी के ग्रीन टेक्नोलॉजी वाले वाहनों की हलचल रही और हर कोई इन नए वाहनों के बारे में जानना चाह रहा था।
Toyota Prius PHEV
- फोटो : अमर उजाला
टोयोटा प्रियस ने मचाई धूम
टोयोटा के हाइब्रिड वाहनों के समूह में टोयोटा प्रियस (Toyota Prius) शामिल थी। यह एक प्लग-इन हाइब्रिड इलेक्ट्रिक व्हीकल है जिसमें पेट्रोल से चलने वाले इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर भी लगाया गया है। यानी इस कार को फ्यूल और बैटरी दोनों से चलाया जा सकता है। कंपनी ने इसमें 2.0 लीटर का इंजन दिया है और इसके साथ 13.6 kWh कैपिसिटी का लिथियम ऑयन बैटरी भी लगाई गई है। कार को केवल बैटरी से 87 किमी तक चलाया जा सकता है। वहीं दोनों तरह से चलाने पर ये कार 30 किमी/ली से ज्यादा की माइलेज दे सकती है। प्लग-इन हाइब्रिड होने के वजह से इसकी बैटरी को डिस्चार्ज होने पर चार्ज करना पड़ता है।
Toyota Prius
- फोटो : अमर उजाला
टोयोटा के अन्य ग्रीन टेक्नोलॉजी वाले वाहन
कंपनी ने अपनी नई एमयूवी (MUV) इनोवा हाइक्रॉस का भी हाइब्रिड वर्जन पेश किया। इसके अलावा, प्रियस के इथेनॉल से चलने वाले प्लग-इन हाइब्रिड वर्जन भी आकर्षण का केंद्र रही। टोयोटा द्वारा पेश किए गए अन्य वाहनों में टोयोटा अर्बन क्रूजर टेजर, लैंड क्रूजर और ग्लैंजा हैचबैक भी शामिल थीं। इनके अलावा, कंपनी ने पहली बार हाइड्रोजन फ्यूल सेल से चलने वाली फ्यूल सेल इलेक्ट्रिक व्हीकल (FCEV) मॉडल को भी दर्शकों के सामने प्रदर्शित किया।
हाइब्रिड फ्लेक्स फ्यूल वाहन
- फोटो : अमर उजाला
टोयोटा का बयान
इस मौके पर टोयोटा के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट विक्रम गुलाटी ने अमर उजाला से बातचीत की। उन्होंने कहा, "टोयोटा ग्लोबल मार्केट के साथ-साथ भारतीय बाजार में भी ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा दे रही है। भारत में कंपनी का फोकस हाइब्रिड वाहनों पर है जो फ्यूल और बैटरी दोनों से चलेंगी। हमने ऑटो एक्सपो में अपनी ग्रीन टेक्नोलॉजी वाहनों की बड़ी रेंज को प्रदर्शित किया है।"
गुलाटी ने कहा, "कंपनी ने स्ट्रान्ग हाइब्रिड वाहनों के लेकर प्लग-इन हाइब्रिड वाहन, बैटरी इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन फ्यूल सेल वाहनों को पेश किया है। हालांकि, इनमें टोयोटा की जो सबसे खास कार है वो प्लग-इन हाइब्रिड फ्लेक्सी फ्यूल कार है, जो दुनिया में अपनी तरह की पहली कार है। टोयोटा फ्लेक्स फ्यूल (इथेनॉल मिश्रित फ्यूल) पर चलने वाली गाड़ियां तैयार कर रही है, जो हमारे किसानों द्वारा बनाई जाने वाली इथेनॉल से चलेगी। इन वाहनों से टैंक रेंज भी अधिक मिलेगी और प्रदूषण भी कम होगा।"