टोयोटा ने अमेरिका में अपनी 2,28,367 कारों को रिकॉल करने का फैसला लिया है। यह रिकॉल 2022 से 2026 मॉडल की कुछ टोयोटा सिएना हाइब्रिड गाड़ियों के लिए है। अमेरिकी नेशनल हाईवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन (NHTSA) ने इसकी जानकारी दी।
रिकॉल की वजह कार की सीट से जुड़ी सुरक्षा खामी है। एजेंसी के अनुसार, कुछ तरह की आमने-सामने की टक्कर के दौरान लगने वाले जोर से सीट बैक अपनी लॉक पोजिशन से हट सकती है। ऐसी स्थिति में सीट यात्रियों को सही तरीके से संभाल नहीं पाएगी और चोट लगने का खतरा बढ़ सकता है।
किन कारों को किया गया रिकॉल?
यह रिकॉल अमेरिका में बिकने वाली टोयोटा सिएना हाइब्रिड की कुछ कारों पर लागू है। इसमें 2022, 2023, 2024, 2025 और 2026 मॉडल साल के चुनिंदा वाहन शामिल हैं। कुल 2,28,367 वाहनों को इस रिकॉल के दायरे में रखा गया है।
यह ध्यान रखना जरूरी है कि रिकॉल सभी टोयोटा सिएना हाइब्रिड कारों पर लागू हो, ऐसा जरूरी नहीं है। यह प्रभावित मॉडल और वाहन के कॉन्फिगरेशन पर निर्भर करता है।
दुर्घटना के दौरान क्या हो सकती है परेशानी?
एनएचटीएसए के अनुसार, कुछ फ्रंटल क्रैश यानी सामने से होने वाली टक्कर के दौरान लगने वाला बल सीट बैक की लॉकिंग को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में सीट बैक अपनी तय लॉक पोजिशन से हट सकती है।
अगर दुर्घटना के दौरान सीट बैक सही स्थिति में नहीं रहती, तो वह यात्रियों को ठीक तरह से रोकने में सक्षम नहीं हो सकती। इससे चोट लगने का खतरा बढ़ सकता है। इसी सुरक्षा जोखिम को देखते हुए वाहनों को रिकॉल किया जा रहा है।
टोयोटा कैसे ठीक करेगी खामी?
टोयोटा के डीलर प्रभावित वाहनों में इस समस्या को मुफ्त में ठीक करेंगे। इसके लिए वाहन के कॉन्फिगरेशन के आधार पर दो में से एक उपाय किया जाएगा और इस तरह प्रभावित वाहन मालिकों को खामी ठीक कराने के लिए भुगतान नहीं करना होगा।
- सॉफ्टवेयर अपडेट: कुछ वाहनों में डीलर मुफ्त में सॉफ्टवेयर अपडेट करेंगे।
- सीट बैक बदलना: वाहन के कॉन्फिगरेशन के अनुसार सीट बैक को बदला जाएगा।
कार मालिकों को क्या करना चाहिए?
- अगर आपके पास अमेरिका में बेची गई टोयोटा सिएना हाइब्रिड है, तो पहले यह जांचना जरूरी है कि आपकी कार रिकॉल में शामिल है या नहीं। इसके लिए वाहन की पहचान संख्या के आधार पर एनएचटीएसस या टोयोटा के आधिकारिक रिकॉल सिस्टम से जानकारी ली जा सकती है।
- रिकॉल में शामिल वाहन के मालिक को कंपनी या अधिकृत डीलर से संपर्क कर जरूरी सुधार करवाना चाहिए। इससे सीट से जुड़ी सुरक्षा खामी को ठीक किया जा सकेगा। यह रिकॉल अमेरिका में 2,28,367 टोयोटा सिएना हाइब्रिड वाहनों के लिए घोषित किया गया है। उपलब्ध जानकारी में भारत में इसे गाड़ी को लेकर किसी रिकॉल की पुष्टि नहीं की गई है।