अमेरिका की दिग्गज इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी टेस्ला अपने घरेलू बाजार के साथ-साथ दुनियाभर में इलेक्ट्रिक व्हीकल मार्केट में धमाल मचा रही है। कंपनी भारत में अपनी एंट्री की तैयारी कर रही है और इसी साल कई नए और अपडेटेड मॉडल्स को ग्लोबल मार्केट में लॉन्च करने वाली है। आइए जानते हैं, 2025 में आने वाली टेस्ला की सबसे प्रतीक्षित कारों के बारे में।
Tesla Model Q: टेस्ला की सबसे किफायती इलेक्ट्रिक कार
टेस्ला एक एंट्री-लेवल इलेक्ट्रिक कार पर भी काम कर रही है, जो मौजूदा Model 3 से भी सस्ती होगी। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी इसकी कीमत 30,000 डॉलर (लगभग 26 लाख रुपये) से कम रखने की कोशिश कर रही है।
टेस्ला इस कार के कम कीमत में उत्पादन के लिए अपने मौजूदा व्हीकल आर्किटेक्चर का इस्तेमाल करेगी। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसकी डिटेल्स, स्पेसिफिकेशन और डिजाइन का खुलासा नहीं किया है।
टेस्ला के सीएफओ वैभव तनेजा ने Q4 अर्निंग्स कॉल में खुलासा किया कि यह किफायती मॉडल 2025 की पहली छमाही में लॉन्च किया जाएगा।
नई Tesla Model Y: पहले से ज्यादा स्टाइलिश और एडवांस
2025 की नई टेस्ला मॉडल Y को पूरी तरह से नया डिजाइन दिया गया है। इसमें कनेक्टेड LED हेडलाइट्स और टेललैंप्स, नए बंपर और 19-इंच के अलॉय व्हील्स मिलते हैं।
इसके कैबिन में एक 15.4-इंच का बड़ा इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जबकि पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए भी 8-इंच का डिस्प्ले मौजूद है। अब इस कार में वेंटिलेटेड और हीटेड सीट्स भी मिलती हैं, जो इसे पहले से ज्यादा लग्जरी बनाती हैं।
टेस्ला के अनुसार, न्यू मॉडल Y एक बार चार्ज करने पर 526 किमी तक चल सकती है और इसकी टॉप स्पीड 201 किमी प्रति घंटा है। इसकी शुरुआती कीमत लगभग 53.84 लाख रुपये (61,630 डॉलर) से शुरू होती है।
Tesla Roadster: टेस्ला की सुपरफास्ट स्पोर्ट्स कार
टेस्ला रोडस्टर को कंपनी की स्पोर्ट्स कार सेगमेंट में एंट्री के तौर पर देखा जा रहा है। यह तीन इलेक्ट्रिक मोटर्स से लैस होगी – दो रियर एक्सल पर और एक फ्रंट में।
भले ही इसकी दूसरी जनरेशन की डिटेल्स अभी सामने नहीं आई हैं, लेकिन 2017 में एलन मस्क ने कहा था कि यह 402 किमी प्रति घंटा की टॉप स्पीड तक जा सकती है। और 0 से 100 किमी प्रति घंटा की स्पीड सिर्फ 1.9 सेकंड में पकड़ लेगी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस कार में 200 kWh की बैटरी होगी, जिससे यह 1000 किमी तक की रेंज दे सकेगी।