Tesla (टेस्ला) ने अमेरिका में अपने टेक्सास और फ्रीमोंट स्थित फैक्ट्रियों में 2025 Model Y (2025 मॉडल वाई) की पहली डिलीवरी शुरू कर दी है। एलन मस्क की अगुवाई वाली इस इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी ने नई Model Y की डिलीवरी के दौरान ली गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। टेस्ला के डिजाइन प्रमुख फ्रांज वॉन होल्झाउजेन समेत कई बड़े अधिकारियों ने Model Y के नए मालिकों को बधाई दी। टेस्ला के आधिकारिक X (पहले ट्विटर) अकाउंट ने इस मौके पर पोस्ट किया, "गिगा टेक्सास और फ्रीमोंट फैक्ट्री में नई Model Y की पहली डिलीवरी का जश्न!" मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, Model Y अमेरिका में सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार रही, जिसकी 3,73,000 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की गई।
2025 Tesla Model Y में क्या खास है?
नई 2025 Tesla Model Y की शुरुआती कीमत 46,490 डॉलर रखी गई है और इसमें फुल सेल्फ-ड्राइविंग (सुपरवाइज्ड) फीचर स्टैंडर्ड तौर पर दिया गया है। इसमें ग्राहकों को 7,500 डॉलर तक की सरकारी छूट भी मिलती है। यह कार स्टेल्थ ग्रे, पर्ल व्हाइट, अल्ट्रा रेड और क्विकसिल्वर जैसे चार कलर ऑप्शंस में उपलब्ध है। टेस्ला के अनुसार, नई Model Y एक बार चार्ज करने पर 526 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है और इसकी टॉप स्पीड 201 किलोमीटर प्रति घंटे तक है।
इंटीरियर और टेक्नोलॉजी
Tesla Model Y में 15.4-इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम है, लेकिन पारंपरिक इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर नहीं होने के कारण इसे चलाने में कुछ लोगों को समय लग सकता है। इसके ऑल-ग्लास रूफ से कार के अंदर रोशनी ज्यादा आती है और सन ग्लेयर कम होता है।
सेल्फ-ड्राइविंग टेक्नोलॉजी
Model Y में फुल सेल्फ-ड्राइविंग (सुपरवाइज्ड) टेक्नोलॉजी दी गई है, जिससे कार 150 किमी प्रति घंटा की रफ्तार तक खुद ड्राइव कर सकती है। यह कार जटिल मोड़ों, चौराहों, हाईवे पर चलने और रुकने जैसी परिस्थितियों को मैनेज कर सकती है। हालांकि, ड्राइवर की निगरानी जरूरी होती है और उसे हर समय स्टीयरिंग पर हाथ रखना होता है।
अमेरिका और यूरोप में एलन मस्क के खिलाफ गुस्सा
टेस्ला की कई अमेरिकी फैक्ट्रियों, खासकर न्यूयॉर्क और पोर्टलैंड, ओरेगन में विरोध प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने "एलन मस्क को हटाओ" जैसे नारे लगाए। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मैनहट्टन में लोगों ने "ओलिगार्क्स बाहर, लोकतंत्र अंदर" के नारे भी लगाए। यूरोप में भी इसी तरह के प्रदर्शन हुए, जहां बार्सिलोना, लिस्बन और लंदन में लोग सड़कों पर उतरे।