टेस्ला रोडस्टर
- फोटो : @Tesla
कब तक होगी लॉन्च?
एक ऐसी कार जो सड़क पर रफ्तार भरे, पलक झपकते 96 किमी प्रति घंटा की स्पीड पकड़ ले और जरूरत पड़ने पर हवा में भी करतब दिखाए। सुनने में यह किसी फिल्म का सीन लग सकता है, लेकिन टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने अपनी नई रोडस्टर के प्रदर्शन में कुछ ऐसा ही दिखाया है। टेस्ला ने दूसरी पीढ़ी की रीडिजाइन की गई टेस्ला रोडस्टर पेश की है, जिसमें स्पेसएक्स (SpaceX) से जुड़े थ्रस्टर्स लगाए गए हैं। कंपनी का दावा है कि यह कार महज एक सेकंड में 0 से 60 मील प्रति घंटे (करीब 96.5 किलोमीटर प्रति घंटा) की रफ्तार पकड़ सकती है।
टेक्सास के वाको के पास आयोजित एक इवेंट में इस कार का प्रदर्शन किया गया। यहां रोडस्टर ने हाई-पावर वाले पंखों और थ्रस्टर्स की मदद से एक उल्टे रैंप पर चढ़ाई की, हवा में घूमी और फिर जमीन पर सुरक्षित उतर गई। इसके अलावा, चलते हुए कार को थ्रस्टर्स की मदद से साइबरकैब, साइबरट्रक, टेस्ला सेमी, मॉडल Y और मॉडल 3 के ऊपर से गुजरते हुए भी दिखाया गया।
मस्क ने इसे इंसानों की ओर से चलाई जाने वाली कारों में सबसे बेहतरीन बताया। उन्होंने कहा, 'यही वह असली कार होगी जो सड़कों पर चलेगी।' उनके अनुसार, कार जरूरत पड़ने पर खुद को ऊपर उठा सकती है और ऐसे करतब दिखा सकती है। टेस्ला ने इसका उत्पादन 2028 में शुरू करने की बात कही है, हालांकि कार की पूरी कीमत का खुलासा अभी नहीं किया गया है।
टेस्ला रोडस्टर
- फोटो : @Tesla
कितने वेरिएंट में आई रोडस्टर ?
टेस्ला नई रोडस्टर को तीन वेरिएंट में पेश करने की तैयारी में है। जो इनके नाम परफॉरमेंस, प्रदर्शन, थ्रस्ट और रॉकेट हैं। कंपनी ने इन्हें सड़क पर चलाने, रेसिंग और हवा में करतब दिखाने के उद्देश्य से तैयार किया है।
परफॉरमेंस वेरिएंट
- फोटो : @Tesla
परफॉरमेंस वेरिएंट क्यों है खास?
- परफॉरमेंस वेरिएंट को टेस्ला ने रोड रेडी यानी सड़क पर चलाने के लिए तैयार बताया है। इसमें दो लोगों के बैठने की जगह हो सकती है। बेहतर ड्राइविंग और ट्रैक पर प्रदर्शन के लिए इसमें एक्टिव एयरोडायनामिक्स और मल्टी-मोड सक्शन सिस्टम दिया गया है।
- एक्टिव एयरोडायनामिक्स कार की रफ्तार और ड्राइविंग की स्थिति के अनुसार हवा के बहाव को संभालने में मदद करता है। वहीं, मल्टी-मोड सक्शन सिस्टम को ट्रैक पर कार की पकड़ और प्रदर्शन बेहतर करने के लिए पेश किया गया है।
टेस्ला रोडस्टर
- फोटो : @Tesla
थ्रस्ट को क्यों कहा रेस रेडी?
- टेस्ला थ्रस्ट वेरिएंट रेस रेडी कह रहा है। यानी की नाम से ही लग रहा है कि इसे रेसिंग के लिए लाया जाएगा। इसमें दो लोग बैठ सकेंगे और पीछे की तरफ कोल्ड-गैस थ्रस्टर्स लगाए गए हैं। ये दबाव वाली गैस को तेजी से बाहर निकालकर जोर पैदा करते हैं।
- टेस्ला का दावा है कि यह वेरिएंट एक सेकंड से भी कम समय में 0 से 60 मील प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकता है। यानी करीब 96.5 kmph तक पहुंचने में इसे एक सेकंड से भी कम समय लग सकता है। हालांकि, इस दावे की साफ तौर पर कोई जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
टेस्ला का रॉकेट वेरिएंट
- फोटो : @Tesla
हवा में कैसे उठे और घूमेगी रॉकेट?
- रॉकेट वेरिएंट को कंपनी ने 'एयर रेडी' बताया है। इसमें सिर्फ एक व्यक्ति के बैठने की जगह होगी और कार के चारों ओर 10 कोल्ड-गैस थ्रस्टर्स लगाए गए हैं। टेस्ला के इंजीनियरिंग वाइस प्रेसिडेंट लार्स मोरावी ने बताया कि ये 10 थ्रस्टर्स 600 लीटर कंप्रेस्ड एयर यानी दबाव वाली हवा से जुड़े हैं। इनकी मदद से कार को हवा में उठाया और घुमाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि एयर टैंक को दोबारा भरा जा सकता है।
- टेस्ला ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि कार की उपलब्ध खाली जगह में कार्बन फाइबर से ढके प्रेशर वेसल्स (COPVs) लगाए गए हैं। ये दबाव वाली गैस को स्टोर करने वाले कंटेनर होते हैं। कंपनी के मुताबिक, कार की हर उपलब्ध खाली जगह में ऐसे वेसल्स भरे गए हैं।
- हालांकि, इन वेसल्स को लेकर सुरक्षा से जुड़े सवाल भी उठते हैं। इसी तरह के प्रेशर वेसल्स पहले स्पेसएक्स के कुछ रॉकेट विस्फोटों से जुड़े रहे हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि रोडस्टर में लगे वेसल्स भी असुरक्षित हैं, लेकिन टेस्ला ने अभी इनके सुरक्षा परीक्षणों और सुरक्षा इंतजामों का के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं किया है।
टेस्ला रोडस्टर
- फोटो : @Tesla
सिंगल चार्ज में कितनी मिलेगी रेंज?
टेस्ला के अनुसार, रोडस्टर के तीनों वेरिएंट एक बार चार्ज करने पर 300 मील यानी करीब 483 किलोमीटर की रेंज देंगे। कंपनी का दावा है कि इनकी टॉप स्पीड 230 मील प्रति घंटे से ज्यादा होगी, जो लगभग 370 kmph से अधिक बैठती है।
टेस्ला रोडस्टर
- फोटो : @Tesla
Tesla Roadster की बुकिंग के लिए कितने पैसे देने होंगे?
- टेस्ला की वेबसाइट पररोडस्टर की बुकिंग उपलब्ध दिखाई दी। अलग-अलग वेरिएंट के लिए ग्राहकों को अलग रकम जमा करनी होगी। जैसे परफॉरमेंस के लिए 50 हजार डॉलर, थ्रस्ट की बुकिंग के लिए 2,50,000 डॉलर और रॉकेट के लिए केवल कंपनी से इनवाइट मिलने पर बुकिंग की सुविधा है।
- ध्यान देने वाली बात यह है कि ये बुकिंग के लिए जमा की जाने वाली रकम है, कार की घोषित अंतिम कीमत नहीं। टेस्ला ने अभी तीनों वेरिएंट की पूरी कीमत का खुलासा नहीं किया है। भारत में इसकी कीमत और उपलब्धता के बारे में भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। राॅकेट वेरिएंट के लिए इनवाइट की शर्त इसे बाकी दोनों वेरिएंट से अलग बनाती है। हालांकि, कंपनी ने अभी यह नहीं बताया है कि इनवाइट किस आधार पर दिए जाएंगे।
टेस्ला रोडस्टर का बाहरी डिजाइन
- फोटो : @Tesla
क्या डिजाइन में भी बड़ा बदलाव?
- नई रोडस्टर को सफेद रंग में पेश किया गया है। इसका डिजाइन पहले दिखाई गई कार से काफी अलग और ज्यादा आकर्षित है। इसकी बनावट लैम्बोर्गिनी जैसी सुपरकारों और जेम्स बॉन्ड की फिल्म 'द स्पाई हू लव्ड मी' में दिखाई गई मशहूर Lotus Esprit की याद दिला सकती है। खास बात यह है कि मस्क के पास भी ऐसी ही एक कार है, जिसे इवेंट में प्रदर्शित किया गया।
- टेस्ला ने एक अन्य पोस्ट में बताया कि नई रोडस्टर का डिजाइन SR-71 टोही विमान और F-35 फाइटर जेट से प्रेरित है। कंपनी के मुताबिक, पिछली बार कार पेश किए जाने के बाद से उसकी डिजाइन भाषा में बदलाव आया है। S3XY मॉडल रेंज से लेकर साइबरट्रक, साइबरकैब और ऑप्टिमस तक, कंपनी के अलग-अलग उत्पादों ने इस बदलाव को आकार दिया है।
टेस्ला रोडस्टर
- फोटो : @Tesla
बाहरी डिजाइन में क्या है खास?
टेस्ला की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, रोडस्टर के बाहरी डिजाइन में कई खास चीजें दी गई हैं:
- छिपी हुई हेडलाइट्स: सामने की लाइटों को डिजाइन में इस तरह शामिल किया गया है कि कार का लुक साफ और आधुनिक दिखाई देता है।
- पूरी लंबाई की टेललाइट: पीछे की तरफ पूरी चौड़ाई में फैली टेललाइट दी गई है।
- फ्लश-माउंटेड सतहें: बॉडी की सतहों को कम उभार वाला रखा गया है, जिससे कार को ज्यादा स्लीक लुक मिलता है।
- हल्के पहिये: पतले स्पोक्स वाले सुपर लाइट व्हील्स को कम वजन और संरचनात्मक मजबूती को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।
- एनो व्हाइट पेंट: कंपनी के अनुसार, इस एयरोस्पेस-प्रेरित फिनिश में UV और क्रायोजेनिक सुरक्षा, इलेक्ट्रोस्टैटिक डिसिपेशन यानी स्थिर विद्युत आवेश को दूर करने और जंग से बचाव जैसी खूबियां शामिल हैं।
- गोल्ड ग्लेज्ड टिंटेड ग्लास: इसका रंग स्पेससूट के विजर पर इस्तेमाल होने वाली कॉपर कोटिंग से प्रेरित है। इसमें टाइटेनियम के छोटे-छोटे एक्सेंट भी दिए गए हैं।
टेस्ला रोडस्टर का केबिन
- फोटो : @Tesla
कैसा है रॉकेट जैसी कार का इंटीरियर?
- इंटीरियर की बात करें तो रोडस्टर के केबिन में अल्ट्राव्हाइट इंटीरियर, ग्रे माइक्रोसुएड डिटेलिंग और बेहतर पकड़ के लिए सीट बोल्स्टर दिए गए हैं। कंपनी के मुताबिक, कार में मैनुअल कंट्रोल और एक तय सीट पोजीशन रखी गई है, ताकि कुल वजन कम किया जा सके। इसके अलावा, मैग्नीशियम, टाइटेनियम और कार्बन फाइबर जैसे हल्के लेकिन मजबूत मटेरियल का इस्तेमाल किया गया है।
- इन मटेरियल का उद्देश्य कार का वजन घटाना और ड्राइवर के इनपुट पर उसकी प्रतिक्रिया को तेज बनाना है। टेस्ला का कहना है कि इससे रोडस्टर ड्राइवर के निर्देशों पर लगभग तुरंत प्रतिक्रिया दे सकेगी।
टेस्ला रोडस्टर
- फोटो : @Tesla
क्या बोले एलन मस्क?
इवेंट में मस्क ने नई रोडस्टर को टेस्ला और स्पेसएक्स के इंजीनियरों की साझा मेहनत का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि दोनों कंपनियों की टीम ने मिलकर ऐसा कुछ बनाया है, जैसा लोगों ने फिल्मों में भी नहीं देखा होगा। मस्क के मुताबिक, यह जेम्स बॉन्ड की किसी भी कार से बेहतर है।
उन्होंने यह भी कहा कि जब उन्होंने अपनी टीम के सामने यह आइडिया रखा था, तो खुद से सवाल किया था कि कहीं वह पागलपन तो नहीं कर रहे। मस्क पहले ही दावा कर चुके थे कि नई रोडस्टर पहले दिखाई गई कार से बिल्कुल अलग होगी। उन्होंने इसके डेमो को अब तक का सबसे रोमांचक प्रोडक्ट डेमो बनाने का वादा भी किया था, चाहे वह पूरी तरह सफल हो या नहीं।
इवेंट के दौरान मस्क ने यह भी कहा कि टेस्ला स्नेक रिवर कैन्यन को पार करने की कोशिश कर सकती है। यह वही जगह है जहां स्टंट कलाकार ईवेल नीवेल ने स्टीम-पावर्ड रॉकेट की मदद से खाई पार करने का मशहूर प्रयास किया था। हालांकि, मस्क की टिप्पणी से यह स्पष्ट नहीं होता कि टेस्ला ऐसा प्रयास कब करेगी या इसकी योजना कितनी आगे बढ़ी है।