टेस्ला ने अपनी सेल्फ-ड्राइविंग तकनीक को और बेहतर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने फुल सेल्फ-ड्राइविंग (सुपरवाइज्ड) यानी FSD v15 का रोलआउट शुरू कर दिया है। इस अपडेट की खास बात है कि इसमें नया टेस्ला रियलिटी व्यू फीचर मिला है। जिसकी मदद से चालक स्क्रीन पर सड़क और आसपास की चीजों का रियल-टाइम विजुअल देख सकेंगे। इतना ही नहीं, वे स्क्रीन पर किसी जगह टैप करके कार को उस दिशा में जाने का निर्देश भी दे सकेंगे।
कंपनी का दावा है कि नए अपडेट में सुरक्षा से जुड़े अहम मामलों को संभालने की क्षमता को 25 गुना बेहतर किया गया है। इसके अलावा गड्ढों, जानवरों, सड़क पर पड़े मलबे और ट्रैफिक साइन की पहचान करने की क्षमता में भी सुधार किया गया है। एलन मस्क ने संकेत दिया है कि दिसंबर में इस अपडेट को बड़े स्तर पर जारी किया जाएगा। फिलहाल इसे शुरुआती यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है।
Tesla FSD v15 में क्या है खास?
- कंपनी का कहना है किFSD v15 में एंड-टू-एंड ड्राइविंग नेटवर्क के लगभग हर हिस्से को अपग्रेड किया गया है। कंपनी ने इसके लिए अपग्रेडेड विजन एनकोडर तैयार किया है, जिसका इस्तेमाल FSD, रोबोटैक्सी और ऑप्टिमस प्रोजेक्ट में भी किया जाएगा।
- इस सिस्टम को बेहतर तरीके से प्रशिक्षित करने के लिए लाखों इंटरनेट वीडियो का इस्तेमाल किया गया है। इससे एआई को सड़क और उसके आसपास होने वाली एक्टिविटी को समझने में काफी आसानी होगी। कंपनी का कहना है कि इस बदलाव से सुरक्षा से जुड़े मामलों में 25 गुना सुधार हुआ है।
- यहां ध्यान देने वाली बात है कि FSD के नाम में फुल सेल्फ-ड्राइविंग होने के बावजूद यह सुपरवाइज्ड सिस्टम है। यानी ड्राइवर को गाड़ी पर लगातार नजर रखनी होगी और जरूरत पड़ने पर कंट्रोल भी संभालना पड़ सकता है।
Tesla Reality View: स्क्रीन पर दिखेगा कार का अगला कदम
- इस गजब के अपडेट का सबसे ज्यादा चर्चित इसका टेस्ला रियलिटी व्यू अपडेट है। यह एक नया जनरेटिव ड्राइविंग विजुअलाइजेशन फीचर है, जो कार के आसपास की सड़क, इमारतों और ड्राइविंग से जुड़े दूसरे संकेतों को लाइव दिखाता है।
- इस फीचर की मदद से ड्राइवर समझ सकेंगे कि एफएसडी आगे क्या करने की योजना बना रहा है। इसमें कार का तय किया गया रास्ता नीले रंग में दिखाई देता है। साथ ही, गाड़ी के ऊपर मौजूद किसी भी वर्चुअल कैमरा एंगल से लगातार लाइव विजुअल देखा जा सकता है।
- इस फीचर की खास बातों की बात करें तो यह ड्राइवर फुलस्क्रीन विजुअलाइजेशन चुन सकते हैं। मैप और स्प्लिट व्यू का विकल्प मिलेगा। शांत अनुभव के लिए क्वाइट मोड मिलेगा। आने वाले मोड़ स्क्रीन पर दिखाई देंगे। टर्न सिग्नल की आवाज धीमी होगी और तो और कुछ क्लिक के बाद टर्न सिग्नल बंद हो जाएंगे।
- इसके साथ इसमें एक और खास सुविधा है कि ड्राइवर रियलिटी विजुअलाइजर पर किसी भी जगह टैप कर सकते हैं। इसके बाद कार उस जगह की ओर बढ़ने का निर्देश ले सकती है। यानी ड्राइविंग के दौरान स्क्रीन पर दिखाई देने वाले विजुअल के जरिए कार की दिशा को कंट्रोल करना संभव होगा।
गड्ढों, जानवरों और सड़क के मलबे की बेहतर पहचान
- नए अपडेट को लेकर कंपनी अब यह भी दावा कर रही है कि FSD v15 में सड़क पर आने वाली बाधाओं को पहचानने और उनसे बचने की क्षमता भी बेहतर की गई है। अब सिस्टम सड़क पर मौजूद कई तरह की चीजों को पहले से बेहतर तरीके से समझ सकेगा। कंपनी के रिलीज नोट्स के मुताबिक, सड़क के संकेत और साइनबोर्ड, छोटे जानवर, सड़क पर पड़ा मलबा, सड़क पर मौजूद जंजीरें, गड्ढे और सड़क की खराब स्थिति और जमा हुआ पानी और गहरा पानी जैसी चीजों की पहचान में सुधार किया गया है।
- इसके अलावा स्कूल जोन और खराब मौसम में कार की गति को नियंत्रित करने के तरीके को भी बेहतर बनाया गया है। कंपनी का कहना है कि अब अलग-अलग ड्राइवर प्रोफाइल, स्कूल जोन, स्पीड लिमिट और खराब मौसम के हिसाब से स्पीड मैनेजमेंट अधिक स्वाभाविक होगा।
अब स्पीड कैमरा देखकर धीमी हो सकेगी कार
- FSD v15 में स्पीड कैमरा से जुड़ा नया फीचर भी दिया गया है। इसके तहत सिस्टम स्पीड कैमरा पहचानने पर गाड़ी की स्पीड स्लो कर सकता है। हालांकि, अगर ड्राइवर इस धीमी गति को रद्द करना चाहता है तो वह एक्सीलरेटर दबा सकता है या अपनी स्पीड प्रोफाइल बढ़ा सकता है।
- इसमें एक और खास सुविधा भी है। अगर ड्राइवर एक ही कैमरे पर दो बार इस तरह की स्पीड कम करने की प्रक्रिया को रद्द करता है, तो टेस्ला उस जगह को सेव कर लेगी। इसके बाद भविष्य में उस स्थान पर कार अपने आप धीमी नहीं होगी। यानी की दोबारा उस जगह पर जाने के बाद आपको स्पीड स्लो करने की जरूरत नहीं होगी। सेव किए गए कैमरा लोकेशन को हटाने के लिए ड्राइवर को कंट्रोल्स, फिर सर्विस और उसके बाद मैनेज सेव्ड लोकेशन में जाना होगा।
बाइक रैक लगा होने पर भी इस्तेमाल कर सकेंगे FSD
- इतना ही नहीं, टेस्ला ने नए अपडेट में बाइक रैक मोड भी जोड़ा गया है। इस फीचर में कार में बाइक रैक या इसी तरह का कोई दूसरा हिच एक्सेसरी लगा होने पर भी FSD (सुपरवाइज्ड) का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इस मोड के चालू रहने पर कार गंतव्य के पास पहुंचकर सड़क किनारे रुक जाएगी, लेकिन रिवर्स नहीं करेगी।
- इस दौरान ऑटोपार्क, समन, बैकअप से जुड़ी आवाजें और चेतावनियां बंद रहेंगी। इससे बाइक रैक लगे होने की स्थिति में ड्राइविंग सिस्टम के इस्तेमाल में आसानी होगी।
नेविगेशन और पार्किंग भी हुए स्मार्ट
- इसी के साथ टेस्ला ने FSD v15 में नेविगेशन और पार्किंग से जुड़े फीचर्स पर भी काम किया है। अब नेविगेशन सिस्टम कंपनी के दूसरे वाहनों के फ्लीट से मिले रूट प्रेफरेंस डेटा का इस्तेमाल करेगा। यानी दूसरे टेस्ला वाहन किन रास्तों को प्राथमिकता देते हैं, इससे सिस्टम सीख सकेगा। फिलहाल यह सुधार यात्रा की शुरुआत और अंत के लिए लागू किया गया है। कंपनी के मुताबिक, FSD के आने वाले वर्जन में इसे पूरे रूट के लिए लागू किया जाएगा।
- पार्किंग के मामले में भी बदलाव हुआ है। अब सिस्टम ड्राइवर की पिछली पार्किंग हिस्ट्री का इस्तेमाल करके पार्किंग की जगह चुनने में मदद करेगा। इसके अलावा, मैप पर गंतव्य के आसपास पार्किंग के कई विकल्प भी दिखाई देंगे।
- ऑटोशिफ्ट फीचर को भी बेहतर बनाया गया है। अब इसे FSD आधारित गियर प्रेडिक्शन के साथ जोड़ा गया है, जिससे गियर बदलने की प्रक्रिया अधिक बेहतर हो सकेगी।
ड्राइवर मॉनिटरिंग सिस्टम में भी सुधार
- टेस्ला ने ड्राइवर की निगरानी करने वाले सिस्टम में भी बदलाव किए हैं। अब टोपी और धूप का चश्मा पहनने वाले ड्राइवरों के लिए विजन आधारित अटेंशन मॉनिटरिंग की उपलब्धता बढ़ाई गई है।
- इसके साथ ही हाई-स्पीड ड्राइवर प्रोफाइल में निगरानी से जुड़े कुछ प्रतिबंधों को कम किया गया है। इसका मकसद अलग-अलग परिस्थितियों में ड्राइवर की निगरानी को बेहतर बनाना है।
कब तक सभी यूजर्स को मिलेगा अपडेट?
- टेस्ला ने 21 नवंबर से FSD v15 का रोलआउट शुरू किया है। फिलहाल कंपनी अपने अर्ली एक्सेस प्रोग्राम (EAP) के सदस्यों को इसका शुरुआती वर्जन उपलब्ध करा रही है।
- एलन मस्क ने इससे पहले कहा था कि दिसंबर में इस अपडेट को बड़े स्तर पर जारी किया जा सकता है। ऐसे में आने वाले महीने में अधिक टेस्ला यूजर्स तक इसके पहुंचने की उम्मीद है।
- मस्क ने इस अपडेट को टेस्ला के 'सुपर' AI चरण की शुरुआत बताया है। कंपनी के अनुसार, FSD v15 में किए गए बदलाव सिर्फ ड्राइविंग विजुअल तक सीमित नहीं हैं, बल्कि AI की सड़क को समझने, रास्ता चुनने, बाधाओं को पहचानने और ड्राइविंग से जुड़े फैसले लेने की क्षमता को भी बेहतर बनाते हैं।