भारत में Tesla ने कितने Superchargers लगाए हैं?
टेस्ला इंडिया के कंट्री हेड शरद अग्रवाल ने अहमदाबाद में नई सुविधा के उद्घाटन के दौरान बताया कि कंपनी भारत में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का लगातार विस्तार कर रही है।
उन्होंने कहा कि टेस्ला अब तक देश में 20 सुपरचार्जर्स स्थापित कर चुकी है। और आने वाले समय में प्रमुख शहरों में चार्जिंग नेटवर्क को और बढ़ाने की योजना है।
कंपनी का उद्देश्य भारत में टेस्ला ग्राहकों के लिए चार्जिंग और सर्विस इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना है।
Tesla Model Y Electric Car
- फोटो : Tesla
अहमदाबाद में नई Tesla सुविधा क्या सेवाएं देगी?
अहमदाबाद में शुरू किया गया टेस्ला-अप्रूव्ड बॉडी शॉप कंपनी के वाहनों के लिए बॉडी और कोलिजन रिपेयर सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
यहां टेस्ला के असली पार्ट्स और प्रशिक्षित टेक्नीशियन के जरिए वाहनों की मरम्मत की जाएगी। कंपनी के अनुसार, यह सुविधा टेस्ला के तय मानकों के अनुरूप रिपेयर और आफ्टर-सेल्स सपोर्ट उपलब्ध कराएगी।
इस सेंटर का फायदा न केवल अहमदाबाद बल्कि गुजरात के अन्य टेस्ला ग्राहकों को भी मिल सकेगा।
Tesla के वाहनों को कितनी सर्विसिंग की जरूरत पड़ती है?
शरद अग्रवाल के अनुसार, टेस्ला वाहनों को नियमित रूप से तय अंतराल पर होने वाली सर्विसिंग की जरूरत बहुत कम होती है।
उन्होंने कहा कि टेस्ला के कई तकनीकी मुद्दों को रिमोट डायग्नोसिस के जरिए ही पहचाना और हल किया जा सकता है। कंपनी 24x7 सर्विस असिस्टेंस भी उपलब्ध कराती है।
हालांकि, भारत में ईवी बाजार के विकास के साथ ग्राहकों को बेहतर आफ्टर-सेल्स सपोर्ट और भरोसा देने के लिए टेस्ला अपने फिजिकल बॉडी शॉप और सर्विस नेटवर्क का विस्तार कर रही है।
भारत में Tesla के कितने एक्सपीरियंस सेंटर हैं?
टेस्ला के अनुसार, कंपनी के भारत में फिलहाल 5 एक्सपीरियंस सेंटर हैं। ये दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, बंगलूरू और गुरुग्राम में स्थित हैं।
इन सेंटर्स के जरिए ग्राहक टेस्ला वाहनों और कंपनी की तकनीक का अनुभव ले सकते हैं।
भारत में Tesla Model Y की कीमत कितनी है?
Tesla भारत में Model Y के दो वेरिएंट बेच रही है।
कंपनी ने अपने फाइनेंसिंग पार्टनर्स के माध्यम से एक फाइनेंस प्रोग्राम भी शुरू किया है। इसके तहत ग्राहक 6 लाख रुपये के डाउन पेमेंट के साथ टेस्ला खरीद सकते हैं। जबकि मासिक किस्त 39,990 रुपये से शुरू होती है।
2026 Tesla Model Y Premium RWD
- फोटो : Tesla
क्या देशभर से Tesla ऑर्डर की जा सकती है?
टेस्ला भारत में डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर मॉडल के तहत काम कर रही है। यानी ग्राहक देश के किसी भी हिस्से से वाहन का ऑर्डर कर सकते हैं और कंपनी इसे उनके घर तक डिलीवर कर सकती है।
शरद अग्रवाल के अनुसार, टेस्ला अब तक भारत के 21 राज्यों में ग्राहकों को अपने वाहन डिलीवर कर चुकी है।
भारत में Tesla का अगला फोकस क्या है?
टेस्ला की रणनीति केवल कारों की बिक्री तक सीमित नहीं है। कंपनी भारत में सुपरचार्जर नेटवर्क, सर्विस सेंटर, बॉडी शॉप और एक्सपीरियंस सेंटर का विस्तार कर ग्राहकों के लिए एक व्यापक चार्जिंग और आफ्टर-सेल्स इकोसिस्टम तैयार कर रही है।
देश में 20 एक्सपीरियंस सेंटर की स्थापना और अहमदाबाद में सातवें सर्विस एवं बॉडी शॉप सेंटर की शुरुआत इसी दिशा में टेस्ला के बढ़ते फोकस को दर्शाती है।