टेस्ला के संस्थापक एलन मस्क ने गुरुवार को पेरिस में टेक निवेशकों से कहा कि वह चीनी इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) पर अमेरिकी टैरिफ के खिलाफ हैं। यह उनके जनवरी वाले बयान के उल्टा है, जिसमें उन्होंने चेतावनी दी थी कि व्यापार बाधाओं की जरूरत है वरना चीन "दुनिया की ज्यादातर अन्य कार कंपनियों को खत्म कर देगा।"
गुरुवार को, मस्क ने कहा कि वह उन उपायों के पक्ष में नहीं हैं जो बाजार को बिगाड़ते हैं।
इस महीने, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने चीनी आयातों पर नए टैरिफ लगाए, जिनमें ईवी भी शामिल हैं। ताकि अमेरिकी विनिर्माण (मैन्युफेक्चरिंग) को समर्थन मिल सके।
बाइडेन प्रशासन ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा लगाए गए कई टैरिफ को बरकरार रखा है, जबकि अन्य को बढ़ा दिया है। जिसमें ईवी शुल्क को चार गुना बढ़ाकर 100 प्रतिशत से ज्यादा कर दिया गया है। व्हाइट हाउस का कहना है कि ये नए उपाय 18 अरब डॉलर के आयातित चीनी सामानों को प्रभावित करते हैं।
मस्क ने वीडियो लिंक के माध्यम से पेरिस में विवा टेक्नोलॉजी सम्मेलन में कहा, "न तो टेस्ला और न ही मैंने इन टैरिफों के लिए कहा था, वास्तव में जब उनकी घोषणा हुई तो मैं हैरान था। मुक्त व्यापार या बाजार को बिगाड़ने वाली चीजें अच्छी नहीं हैं।"
मस्क ने कहा, "टेस्ला चीन में बाजार में बिना किसी टैरिफ और किसी विशेष समर्थन के काफी अच्छा मुकाबला कर रही है। मैं किसी भी तरह के टैरिफ के पक्ष में नहीं हूं।"
जनवरी में, मस्क ने चेतावनी दी थी कि व्यापार बाधाओं के बिना चीनी वाहन निर्माता वैश्विक प्रतिस्पर्धियों को "नष्ट" कर देंगे।
मस्क ने साल की शुरुआत में कमाई के बाद की जाने वाली एक विश्लेषक कॉल की बातचीत में कहा था, "अगर कोई व्यापार बाधाएं स्थापित नहीं की गईं, तो वे दुनिया की ज्यादातर अन्य कार कंपनियों को खत्म कर देंगे।"
इस साल वार्षिक विवाटेक सम्मेलन में प्रमुख तकनीकी अधिकारियों और राजनीतिक हस्तियों जैसे गूगल के पूर्व के सीईओ एरिक श्मिट और अमेरिका के पूर्व जलवायु दूत जॉन केरी ने मंच संभाला।
मस्क के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X की सीईओ लिंडा याककारिनो के शुक्रवार को सामग्री के भविष्य पर एक पैनल चर्चा में व्यक्तिगत रूप से भाग लेने की उम्मीद है।