Tata Tiago vs Maruti Swift: क्या आप भी नई हैचबैक कार खरीदने का प्लान बना रहे हैं? वैसे तो बाजार में कई विकल्प मौजूद हैं, लेकिन अगर आपका बजट 5 से 9 लाख के बीच है, तो दो कारें आपके लिए सबसे फायदे का सौदा साबित हो सकती हैं। एक तरफ जहां टाटा टियागो और प्रीमियम फीचर्स के लिए जानी जाती है, वहीं मारुति स्विफ्ट अपने दमदार माइलेज और शानदार रीसेल वैल्यू के लिए मशहूर है। आखिर इन दोनों में से आपके लिए कौन-सी कार सबसे बेहतर रहेगी? आइए जानते हैं इसकी तुलना...
Best Hatchback Under 9 Lakh: हैचबैक सेगमेंट में ये दोनों गाड़ियां ग्राहकों की पहली पसंद बनी हुई हैं। टाटा ने हाल ही में अपनी टियागो को नए फेसलिफ्ट के साथ बाजार में उतारा है, जिससे यह पहले से कहीं ज्यादा वैल्यू-फॉर-मनी हो गई है। कीमतों की बात करें तो टियागो की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 4.70 लाख से शुरू होती है, जो इसके टॉप वेरिएंट के लिए लगभग 8.55 लाख तक जाती है।
विज्ञापन
दूसरी ओर, मारुति स्विफ्ट की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 5.79 लाख है और इसका टॉप मॉडल लगभग 8.80 लाख तक पहुंचता है। साफ है कि शुरुआती बजट के मामले में टियागो थोड़ी ज्यादा किफायती साबित होती है, लेकिन स्विफ्ट के साथ आपको मारुति का विशाल सर्विस नेटवर्क और बेहतरीन रीसेल का भरोसा मिलता है। दोनों ही गाड़ियां पेट्रोल के साथ-साथ सीएनजी के विकल्प में भी आती हैं।
विज्ञापन
कीमत: बजट में कौन ज्यादा फिट बैठती है?
कीमत की बात करें तो टाटा टियागो की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 4.70 लाख से शुरू होती है, जबकि मारुति स्विफ्ट की शुरुआती कीमत लगभग 5.79 लाख है।
वहीं, टियागो का टॉप वेरिएंट 8.55 लाख तक जाता है, जबकि स्विफ्ट की कीमत 8.80 लाख तक पहुंचती है। अगर कम बजट में ज्यादा फीचर्स और मजबूत पैकेज चाहते हैं, तो टियागो थोड़ा ज्यादा वैल्यू फॉर मनी विकल्प बनकर सामने आती है।
डिजाइन और रोड प्रेजेंस: किसका स्टाइल ज्यादा आकर्षक?
फिलहाल टाटा टियागो फेसलिसफ्ट के साथ ज्यादा मॉडर्न और प्रीमियम दिखाई देती है। इसमें नया फ्रंट और रियर डिजाइन, LED लाइटिंग और मजबूत स्टांस दिया गया है, जो इसे एक दमदार लुक देता है। वहीं, दूसरी तरफ मारुति स्विफ्ट अपने स्पोर्टी डिजाइन, शार्प लाइन्स और बोल्ड फ्रंट ग्रिल की वजह से युवाओं को ज्यादा आकर्षित करती है। स्विफ्ट का डिजाइन ज्यादा डायनामिक और फन-टू-ड्राइव कैरेक्टर को दर्शाता है। जहां, टियागो फैमिली कार जैसी मजबूत और प्रीमियम दिखती है, वहीं स्विफ्ट का लुक ज्यादा स्पोर्टी और यूथफुल है।
केबिन और फीचर्स: किसमें मिलता है ज्यादा प्रीमियम अनुभव?
इंटीरियर के मामले में हाल ही में लॉन्च हुई टाटा टियागो ने एक बड़ा अपडेट हासिल किया है। इसमें 10.25 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस चार्जिंग, 360 डिग्री कैमरा और रियर AC वेंट्स जैसे फीचर्स मिलते हैं।
दूसरी तरफ, स्विफ्ट में केबिन की क्वालिटी और फिनिश बेहतर मानी जाती है, लेकिन फीचर लिस्ट के मामले में यह टियागो से थोड़ा पीछे दिखाई देती है। हालांकि बूट स्पेस में स्विफ्ट आगे है। इसमें 265 लीटर का बूट मिलता है, जबकि टियागो में 242 लीटर की क्षमता दी गई है।
अगर आपकी प्राथमिकता सुरक्षा है, तो टाटा टियागो को 4-स्टार ग्लोबल NCAP सेफ्टी रेटिंग मिली हुई है। इसके साथ 6 एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP), ट्रैक्शन कंट्रोल और मजबूत बॉडी स्ट्रक्चर मिलता है।
हालांकि स्विफ्ट में भी 6 एयरबैग्स और जरूरी सुरक्षा फीचर्स मौजूद हैं, लेकिन टियागो की सेफ्टी क्रेडेंशियल्स इसे फैमिली कार के रूप में ज्यादा भरोसेमंद बनाती हैं।
इंजन और परफॉर्मेंस: किसका ड्राइविंग अनुभव बेहतर?
दोनों कारों में 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है, लेकिन इनके कैरेक्टर अलग हैं। टाटा टियागो का इंजन 85 bhp की पावर और 113 Nm का टॉर्क पैदा करता है, जिससे यह थोड़ा ज्यादा दमदार महसूस होती है।
वहीं, मारुति स्विफ्ट का इंजन लगभग 80 bhp की पावर देता है और अपनी स्मूदनेस व रिफाइनमेंट के लिए जाना जाता है। शहर और हाईवे दोनों जगह Swift का ड्राइविंग अनुभव काफी आरामदायक माना जाता है।
माइलेज में कौन है असली चैंपियन?
माइलेज की बात करें तो मारुति स्विफ्ट स्पष्ट रूप से आगे निकलती है। स्विफ्ट पेट्रोल वेरिएंट में 24.8 से 25.75 kmpl तक का माइलेज देने का दावा करती है। वहीं, सीएनजी वेरिएंट में यह आंकड़ा 32.85 km/kg तक पहुंच जाता है।
दूसरी तरफ टाटा टियागो पेट्रोल में करीब 19-20 kmpl और CNG में 26.49 km/kg तक का माइलेज देती है। अगर आपकी प्राथमिकता कम रनिंग कॉस्ट और ज्यादा फ्यूल एफिशिएंसी है, तो Swift बेहतर विकल्प साबित हो सकती है।
किसे खरीदना रहेगा ज्यादा समझदारी?
अगर आप बेहतर सेफ्टी, मजबूत बॉडी, ज्यादा फीचर्स और प्रीमियम अनुभव चाहते हैं, तो टाटा टियागो आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकती है।
वहीं, अगर आपका फोकस ज्यादा माइलेज, बेहतर सर्विस नेटवर्क, कम मेंटेनेंस और मजबूत रीसेल वैल्यू पर है, तो Maruti Swift एक शानदार विकल्प बनती है।