90 के दशक में सड़कों पर राज करने वाली टाटा सिएरा एक बार फिर नए अवतार में लौटने को तैयार है। टाटा मोटर्स ने जब से सिएरा को इलेक्ट्रिक अवतार (सिएरा ईवी) में लाने की पुष्टि की है, ऑटो जगत में इसे लेकर काफी हलचल है। हाल ही में इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को टेस्टिंग के दौरान सड़क पर देखा गया है। इससे इसके फीचर्स और डिजाइन की कई नई जानकारियां सामने आई हैं।
कैसा है इसका नया डिजाइन?
हाल ही में सामने आए स्पाय शॉट्स के मुताबिक, टाटा मोटर्स अपनी इस आइकॉनिक एसयूवी के फाइनल लुक से धीरे-धीरे पर्दा उठा रही है। डिजाइन की बात करें तो इसके पिछले हिस्से में एक नया सिल्वर फिनिश वाला रियर बंपर देखा गया है, जो कार को पहले से कहीं ज्यादा प्रीमियम लुक देता है। सिर्फ बंपर ही नहीं, बल्कि इसके अलॉय व्हील्स में भी बड़े बदलाव की उम्मीद है।
अब तक टेस्टिंग के दौरान दो अलग-अलग अलॉय व्हील डिजाइन नजर आए हैं। इससे यह साफ संकेत मिलता है कि कंपनी इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को मिड-स्पेक और टॉप-स्पेक जैसे अलग-अलग वेरिएंट्स में बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है।
केबिन में दिखेगा हाई-टेक अवतार
सिएरा ईवी का इंटीरियर उन लोगों को बेहद पसंद आने वाला है जो तकनीक और लग्जरी के शौकीन हैं। इस इलेक्ट्रिक एसयूवी की सबसे बड़ी खासियत इसका बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम होगा, जो लीक हुई तस्वीरों के अनुसार 15 इंच से भी अधिक बड़ा हो सकता है।
सिर्फ मुख्य स्क्रीन ही नहीं, बल्कि ड्राइवर के लिए दिया गया डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी रेगुलर मॉडल के मुकाबले काफी बड़ा और एडवांस नजर आ रहा है। हालांकि, इंटीरियर की बाकी बारीकियां अभी पूरी तरह सामने नहीं आई हैं। लेकिन उम्मीद की जा रही है कि टाटा इसमें प्रीमियम कलर्स और बेहतरीन मटेरियल का इस्तेमाल कर केबिन को एक फ्रेश और मॉडर्न फील देगा।
पावरफुल बैटरी और 4WD का मिलेगा विकल्प
टाटा सिएरा EV को खासतौर पर लंबी दूरी तय करने के लिहाज से डिजाइन किया जा रहा है। परफॉरमेंस की बात करें तो इसमें 65 kWh और 75 kWh के दो बड़े बैटरी पैक विकल्प मिलने की उम्मीद है, जो इसे एक दमदार रेंज देंगे।
ऑफ-रोडिंग के शौकीनों के लिए इसमें 4WD (4-व्हील ड्राइव) का खास विकल्प भी दिया जाएगा, जो इसे मुश्किल रास्तों पर चलने के काबिल बनाएगा। हालांकि, माना जा रहा है कि इसकी मोटर टाटा हैरियर ईवी की तुलना में थोड़ी कम पावरफुल हो सकती है। लेकिन रेंज और एफिशिएंसी के मामले में यह ग्राहकों की उम्मीदों पर खरी उतरेगी।
किससे होगा मुकाबला?
भारतीय बाजार में लॉन्च होने के बाद टाटा सिएरा ईवी की सीधी टक्कर महिंद्रा बीई 05 से होगी। टाटा की कोशिश है कि सिएरा के पुराने नाम और भरोसे को आधुनिक इलेक्ट्रिक तकनीक के साथ पेश कर ग्राहकों को लुभाया जाए।