फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिसंबर से टाटा और हुंडई की कार होंगी महंगी: जनवरी से ऑडी के भी बढ़ेंगे दाम, क्यों कंपनियां बढ़ा रहीं कीमत?

Tue, 24 Nov 2026 07:55 PM IST
कुलदीप शर्मा ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • टाटा मोटर्स की कारें 1 दिसंबर से एवरेज 0.5% महंगी हो सकती हैं।
  • हुंडई के चुनिंदा मॉडल की कीमतों में 8,000 रुपये तक बढ़ोतरी होगी।
  • ऑडी 1 जनवरी 2027 से अपनी कारों के दाम 2% तक बढ़ाएगी।
  • कच्चे माल की बढ़ती लागत और घटते मुनाफे के चलते कंपनियों ने कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक इमेज - फोटो : Amar Ujala Digital
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अगर आप नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो दिसंबर से आपका बजट बिगड़ सकता है। टाटा मोटर्स और हुंडई ने गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है। वहीं लग्जरी कार निर्माता ऑडी भी नए साल से अपनी कारों के दाम बढ़ाएगी। कंपनियों का कहना है कि कच्चे माल और दूसरे जरूरी सामान की लागत लगातार बढ़ रही है। इसका असर अब उनकी कमाई पर भी दिखने लगा है।

दिसंबर से महंगी होंगी टाटा और हुंडई की कारें

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने अपनी कारों और एसयूवी की पूरी रेंज पर औसतन 0.5 फीसदी कीमत बढ़ाने का एलान किया है। नई दरें 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगी। यह बढ़ोतरी पेट्रोल-डीजल वाली कारों के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों पर भी लागू होगी। हालांकि, हर मॉडल और उसके वेरिएंट के हिसाब से कीमतों में बदलाव अलग-अलग रहेगा। दूसरी तरफ हुंडई मोटर इंडिया भी चुनिंदा मॉडल और वेरिएंट की कीमतें 8,000 रुपये तक बढ़ाएगी। कंपनी ने इसकी वजह उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की बढ़ती लागत को बताया है। हुंडई की नई कीमतें भी 1 दिसंबर से लागू होंगी।

ऑडी के ग्राहकों को जनवरी से देना होगा ज्यादा पैसा

लग्जरी कार खरीदने वालों के लिए भी नया साल महंगा साबित हो सकता है। ऑडी इंडिया ने अपनी पूरी मॉडल रेंज की एक्स-शोरूम कीमतों में 2 फीसदी तक बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। नई कीमतें 1 जनवरी 2027 से लागू होंगी। कंपनी के मुताबिक, इनपुट कॉस्ट में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण यह कदम उठाना जरूरी हो गया है। खास बात यह है कि 2026 में ऑडी दूसरी बार कीमतें बढ़ाने जा रही है। इससे पहले कंपनी ने 1 अप्रैल को भी अपनी कारों के दाम 2 फीसदी तक बढ़ाए थे। यानी ग्राहकों को अब नई कार खरीदने के लिए पहले से ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ सकती है।

इस साल पहले भी बढ़ चुकी हैं कारों की कीमतें

मौजूदा वित्त वर्ष में वाहन कंपनियां अलग-अलग चरणों में कीमतें बढ़ाती रही हैं। टाटा मोटर्स ने भी इस साल कई बार दाम संशोधित किए हैं। अब तक की प्रमुख बढ़ोतरी इस तरह रही है-

  • टाटा मोटर्स: 1 अप्रैल को पेट्रोल-डीजल वाली कारों की कीमतों में औसतन 0.5 फीसदी की बढ़ोतरी की गई। इसके बाद 1 जुलाई से पेट्रोल-डीजल और इलेक्ट्रिक वाहनों पर 1.5 फीसदी तक दाम बढ़ाए गए। 1 सितंबर को पूरी रेंज में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई।
  • हुंडई: कंपनी इस कैलेंडर वर्ष में अब तक कुल 1.4 फीसदी कीमतें बढ़ा चुकी है। इसमें सितंबर में की गई 0.4 फीसदी की बढ़ोतरी भी शामिल है।
  • ऑडी: अप्रैल 2026 में कंपनी ने अपनी पूरी मॉडल रेंज पर 2 फीसदी तक दाम बढ़ाए थे। अब जनवरी में फिर इतनी ही अधिकतम बढ़ोतरी की तैयारी है।

मारुति सुजुकी और हुंडई की कमाई पर भी दबाव

वाहनों की बिक्री अच्छी रहने के बावजूद कंपनियों की कमाई पर बढ़ती लागत का असर दिख रहा है। मारुति सुजुकी इसका एक उदाहरण है। वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 26.36 फीसदी गिरकर 2,466.1 करोड़ रुपये रह गया। इस दौरान कंपनी ने रिकॉर्ड तिमाही बिक्री दर्ज की और उसका राजस्व भी बढ़ा, लेकिन मुनाफे में गिरावट आई। कंपनी का ऑपरेटिंग EBITDA मार्जिन भी पिछले साल के 12.7 फीसदी से घटकर 9.4 फीसदी पर आ गया। वहीं, हुंडई का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट करीब 24 फीसदी गिरा और उसका EBITDA मार्जिन 13.9 फीसदी से घटकर 9.5 फीसदी रह गया।

क्यों बढ़ रही है कारों की कीमत और ग्राहकों पर क्या असर?

कार बनाने में इस्तेमाल होने वाले स्टील, एल्युमीनियम और दूसरे कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी से कंपनियों का खर्च बढ़ रहा है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से भी कुछ जरूरी इनपुट की लागत पर दबाव पड़ा है। कंपनियां अब तक लागत घटाने और उत्पादन में सुधार के जरिए इस बोझ का एक हिस्सा खुद उठाती रही हैं, लेकिन मुनाफे पर बढ़ते दबाव के कारण कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया है। इसका सीधा असर नई कार खरीदने वाले ग्राहकों पर पड़ेगा। हालांकि सभी मॉडल की कीमत एक समान नहीं बढ़ेगी। इसलिए कार खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए दिसंबर से पहले बुकिंग करना फायदेमंद हो सकता है। उन्हें यह भी ध्यान रखना होगा कि कीमतों में अंतिम बदलाव मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से तय होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें