भारत के 125cc स्कूटर सेगमेंट में सुजुकी एक्सेस 125 और टीवीएस जूपिटर 125 दो बेहतर विकल्प माने जाते हैं। लगभग एक जैसी शुरुआती कीमत होने के बावजूद दोनों में स्टोरेज, इंजन टॉर्क और ब्लूटूथ टेक्नोलॉजी को लेकर बड़ा अंतर देखने को मिलता है, लेकिन कीमत, माइलेज, फीचर्स और यूटिलिटी के मामले में कौन-सा स्कूटर आपके बजट और जरूरतों पर खरा उतर सकता है? जानिए इस तुलनात्मक लेख में।
अगर आप नया 125cc पेट्रोल स्कूटर खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो सुजुकी एक्सेस 125 और टीवीएस जूपिटर 125 को आप अपनी लिस्ट में शामिल हो सकते हैं।दोनों स्कूटर भारतीय बाजार में लंबे समय से लोकप्रिय हैं और इनकी शुरुआती कीमत भी एक-दूसरे के काफी करीब है। हालांकि, कीमत लगभग बराबर होने के बावजूद दोनों स्कूटरों में स्टोरेज, इंजन ट्यूनिंग, ब्रेकिंग और कनेक्टेड फीचर्स के मामले में अंतर है। आइए जानते हैं दोनों में कौन किस मामले में आगे है।
विज्ञापन
वेरिएंट-वाइज कीमत की तुलना
अगर सुजुकी एक्सेस125 की एक्स-शोरूम कीमत की बात करें तो इसका स्टैंडर्ड एडिशन ड्रम ब्रेक वेरिएंट 82,185 में आता है। स्पेशल एडिशन डिस्क ब्रेक की कीमत 88,627, राइड कनेक्ट एडिशन डिस्क प्लस अलॉय व्हील की ₹90,727, राइड कनेक्ट टीएफटी एडिशन की ₹93,877, राइड कनेक्ट एबीएस एडिशन की 97,030 और टॉप राइड कनेक्ट TFT ABS एडिशन की कीमत 1,02,279 है। यानी एक्सेस 125 कुल छह वेरिएंट में उपलब्ध है।
वहीं, टीवीएस जूपिटर 125 की शुरुआती कीमत 81,700 है। इसका ड्रम अलॉय वेरिएंट 81,700, डिस्क वेरिएंट 86,110, डीटी एक्सएक्ससी 88,950 और टॉप स्मार्टजोनेक्ट वेरिएंट ₹89,935 में उपलब्ध है। इस तरह जूपिटर 125 के वेरिएंट्स की कीमत शुरुआती मॉडल से लेकर स्मार्टजोनेक्ट वर्जन तक जाती है।
इंजन और पावर में कितना अंतर?
सुजुकी एक्सेस125 में 124cc, सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन दिया गया है। यह 6.2 kW यानी करीब 8.3 hp की पावर और 10.2 Nm का टॉर्क देता है। इसका अधिकतम टॉर्क 5,000 rpm पर मिलता है।
वहीं, टीवीएस जूपिटर 125 में 124.8cc, सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड इंजन मिलता है। यह 6.0 kW की पावर और 10.5 Nm का टॉर्क देता है, जबकि टॉर्क 4,500 rpm पर उपलब्ध होता है।
यानी एक्सेस 125 में पीक पावर थोड़ी ज्यादा है, जबकि जूपिटर 125 का टॉर्क थोड़ा अधिक है और कम rpm पर उपलब्ध होता है। रोजमर्रा की सिटी राइडिंग में इसका फायदा लो-स्पीड रिस्पॉन्स में महसूस हो सकता है।
स्टोरेज में जूपिटर 125 आगे
अगर आपके लिए स्कूटर खरीदते समय अंडर-सीट स्टोरेज अहम है, तो यहां टीवीएस जूपिटर 125 आगे निकलता है। जूपिटर 125 में 33 लीटर अंडर-सीट स्टोरेज मिलता है। इसके अलावा आगे 2 लीटर का ग्लव बॉक्स भी दिया गया है।
दूसरी ओर, सुजुकी एक्सेस125 में 24.4 लीटर अंडर-सीट स्टोरेज मिलता है। कंपनी के मुताबिक इसमें फुल-फेस हेलमेट के साथ रोजमर्रा का सामान रखने की जगह भी मिलती है।
इस लिहाज से किराना, बैग या ज्यादा सामान रखने वाले यूजर्स के लिए जूपिटर 125 ज्यादा प्रैक्टिकल साबित हो सकता है।
विज्ञापन
सीट और डायमेंशन की तुलना
टीवीएस जूपिटर 125 की सीट लंबाई 790mm है और इसका व्हीलबेस 1,275mm है। ग्राउंड क्लीयरेंस 163mm है।
वहीं एक्सेस 125 का डिजाइन और सीटिंग सेटअप अलग है। दोनों स्कूटरों के सीटिंग कंफर्ट का फैसला सिर्फ आंकड़ों के आधार पर करना सही नहीं होगा। अगर आपके लिए राइडर और पिलियन कंफर्ट महत्वपूर्ण है, तो खरीदने से पहले दोनों पर बैठकर देखना बेहतर रहेगा।
ब्रेकिंग में क्या फर्क?
टीवीएस जूपिटर 125 के डिस्क वेरिएंट में 220mm फ्रंट डिस्क ब्रेक और पीछे 130mm ड्रम ब्रेक दिया गया है। इसमें टीवीएस की सिंक्रोनाइज्ड ब्रेकिंग टेक्नोलॉजी भी मिलती है।
सुजुकी एक्सेस 125 में डिस्क ब्रेक चुनिंदा वेरिएंट्स में उपलब्ध है, जबकि नए राइड कनेक्ट एबीएस और राइड कनेक्ट टीएफटी एबीएस वेरिएंट्स में एबीएस का विकल्प भी मिलता है। इसलिए सेफ्टी और ब्रेकिंग हार्डवेयर को प्राथमिकता देने वाले खरीदारों के लिए वेरिएंट चुनना खास तौर पर महत्वपूर्ण होगा।
फीचर्स में एक्सेस 125 की बढ़त
फीचर्स के मामले में एक्सेस 125 के हायर वेरिएंट काफी टेक्नोलॉजी से लैस हैं। इसमें 4.2-इंच कलर टीएफटी डिजिटल कंसोल, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और सुजुकी राइड कनेक्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं। टीएफटी वेरिएंट में ज्यादा एडवांस डिस्प्ले और कनेक्टेड फीचर्स दिए गए हैं।
वहीं, जूपिटर 125 के टॉप स्मार्टजोनेक्ट वेरिएंट में कलर टीएफटी डिस्प्ले, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, नेविगेशन और वॉयस असिस्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसलिए दोनों में कनेक्टेड फीचर्स मौजूद हैं, लेकिन एक्सेस 125 का टॉप मॉडल खास तौर पर टीएफटी और एबीएस के कॉम्बिनेशन के साथ मजबूत पैकेज देता है।
किसके लिए कौन-सा स्कूटर बेहतर?
अगर आपकी प्राथमिकता ज्यादा स्टोरेज है, तो टीवीएस जूपिटर 125 बेहतर विकल्प नजर आता है। इसका 33 लीटर अंडर-सीट स्टोरेज एक्सेस के 24.4 लीटर से काफी ज्यादा है।
अगर आप ज्यादा पावर और टेक्नोलॉजी चाहते हैं, तो एक्सेस 125 पर विचार किया जा सकता है। इसकी 6.2 kW पावर जूपिटर के 6.0 kW से थोड़ी ज्यादा है और हायर वेरिएंट्स में 4.2-इंच टीएफटी, ब्लूटूथ और एबीएस जैसे विकल्प मिलते हैं।
अगर आपका इस्तेमाल मुख्य रूप से शहर में है, तो दोनों ही अच्छे विकल्प हो सकते हैं। जूपिटर का ज्यादा टॉर्क कम rpm पर मिलता है, जबकि एक्सेस थोड़ी ज्यादा पीक पावर देता है।