Check PUC Status Online: बढ़ते प्रदूषण के बीच वाहनों के PUC (Pollution Under Control) सर्टिफिकेट को लेकर सख्ती तेज हो गई है। ऐसे में वाहन चालकों के लिए अपने पीयूसी की वैधता समय-समय पर जांचना बेहद जरूरी हो गया है। अच्छी बात यह है कि अब आप ऑनलाइन पोर्टल या मोबाइल एप के जरिए कुछ मिनटों में ही अपने वाहन का पीयूसी स्टेटस चेक कर सकते हैं। जानें कैसे?
पीयूसी यानी Pollution Under Control Certificate एक अनिवार्य दस्तावेज है जो वाहन के एग्जॉस्ट से निकलने वाले प्रदूषण के स्तर को मापने के बाद जारी किया जाता है। यह सर्टिफिकेट बताता है कि वाहन से निकलने वाला धुआं सरकार की ओर से तय सीमा के अंदर है या नहीं।
विज्ञापन
पीयूसी सर्टिफिकेट में आमतौर पर वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर, उत्सर्जन (Emission) रीडिंग, जारी होने की तारीख और समाप्ति (Expiry) तारीख की जानकारी होती है। ज्यादातर निजी वाहनों के लिए इसकी वैधता आम तौर पर एक साल तक होती है।
वैध पीयूसी रखना क्यों जरूरी है?
भारत में वाहन चलाने के लिए पीयूसी सर्टिफिकेट रखना कानूनी रूप से अनिवार्य है। अगर वाहन बिना पीयूसी के चलाते पकड़े जाते हैं तो मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत भारी जुर्माना लग सकता है। बार-बार उल्लंघन होने पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। इसके अलावा कई मामलों में दुर्घटना होने पर इंश्योरेंस क्लेम पर भी असर पड़ सकता है।
ऑनलाइन कैसे चेक करें PUC स्टेटस?
आजकल आप घर बैठे ही ऑनलाइन अपने वाहन का पीयूसी स्टेटस देख सकते हैं।
परिवहन पीयूसीसी पोर्टल से
भारत सरकार का आधिकारिक पोर्टल परिवहन पीयूसीसी पोर्टल पीयूसी जानकारी देखने का सबसे आसान तरीका है।
कैसे चेक करें
पीयूसीसी पोर्टल खोलें।
वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें।
चेसिस नंबर के आखिरी 5 अक्षर भरें।
कैप्चा डालकर पीयूसी डिटेल्स पर क्लिक करें।
इसके बाद आपके वाहन का पूरा पीयूसी स्टेटस स्क्रीन पर दिखाई देगा।
मोबाइल एप से भी कर सकते हैं जांच
आप सरकार के आधिकारिक एप एमपरिवहन से भी पीयूवी स्टेटस देख सकते हैं। इसके लिए नीचे बताए गए स्टेप्स काे फॉलो करना होगा:
एप डाउनलोड कर लॉग-इन करें।
वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर जोड़ें।
वाहन सेक्शन में जाएं।
पीयूसीसी ऑप्शन चुनें।
यहां आपको पीयूसी की वैधता और सर्टिफिकेट की जानकारी मिल जाएगी।
कार कंपनी के एप से भी मिल सकती है जानकारी
कुछ कार कंपनियां अपने कनेक्टेड कार एप में भी वाहन से जुड़े डॉक्यूमेंट दिखाती हैं। जैसे मान लीजिए मारुति सुजुकी जैसे ऑटोमेकर अपने एप में आरसी, बीमा, पीयूसी सर्टिफिकेट जैसे दस्तावेज दिखाने की सुविधा देते हैं।