पिकअप ट्रक में ब्रेक की छोटी सी गड़बड़ी भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है। इसी खतरे को देखते हुए स्टेलंटिस ने अमेरिका में 82,843 रैम पिकअप ट्रकों को रिकॉल किया है। इनमें एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) के सॉफ्टवेयर में बड़ी खराबी सामने आई है। इस गड़बड़ी की वजह से ब्रेक लाइट ठीक से काम नहीं कर सकती, गाड़ी अपने आप चल सकती है और ड्राइवर की मदद करने वाले कुछ सेफ्टी फीचर्स भी बंद हो सकते हैं। कंपनी प्रभावित गाड़ियों का सॉफ्टवेयर मुफ्त में अपडेट करेगी।
82,843 रैम पिकअप ट्रकों को किया गया रिकॉल
- अमेरिकी नेशनल हाईवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन (NHTSA) ने इस रिकॉल की जानकारी दी है। इसके अनुसार, स्टेलंटिस ने 82,843 क्रिसलर रैम पिकअप ट्रकों को वापस बुलाया है।
- इस रिकॉल में 2022 से 2024 के बीच बने कुछ रैम 1500 क्लासिक पिकअप ट्रक शामिल हैं। इसके अलावा क्रिसलर के 669 मोपार (Mopar) एबीएस कंट्रोल मॉड्यूल भी इस रिकॉल के दायरे में हैं।
ABS सॉफ्टवेयर में क्या खराबी मिली?
- इस रिकॉल का सबसे बड़ा कारण एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम यानी एबीएस के सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी बताई जा रही है। यह सिस्टम ब्रेक लगाते समय पहियों को लॉक होने से बचाने में मदद करता है।
- एनएचटीएसए के अनुसार, एबीएस मॉड्यूल का सॉफ्टवेयर ब्रेक पेडल और पेडल सेंसर से मिलने वाले इनपुट को गलत तरीके से समझ सकता है। यानी ड्राइवर ब्रेक पेडल दबाए तो सिस्टम उस संकेत को सही ढंग से पहचानने में चूक सकता है। इसका असर गाड़ी के ब्रेकिंग सिस्टम और उससे जुड़े दूसरे सुरक्षा फीचर्स पर पड़ सकता है।
ब्रेक लाइट से लेकर ऑटोमैटिक फीचर्स तक पर खतरा
एनएचटीएसए ने इस खराबी से जुड़े कई संभावित खतरों की जानकारी दी है। इनमें ये कुछ प्रमुख हैं, जिनके कारण वाहन चलाते समय दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।
- ब्रेक लाइट में गड़बड़ी: ब्रेक लगाने पर लाइट ठीक से नहीं जल सकती। इससे पीछे चल रहे वाहन के ड्राइवर को ब्रेक लगाने का संकेत नहीं मिल पाएगा।
- गाड़ी का अपने आप चलना: सॉफ्टवेयर की खराबी के कारण वाहन में अनचाही मूवमेंट हो सकती है।
- इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल: गाड़ी को फिसलने या नियंत्रण खोने से बचाने वाला यह फीचर ठीक से काम नहीं कर सकता।
- ऑटोपार्क: पार्किंग से जुड़ा ऑटोमैटिक फीचर प्रभावित हो सकता है।
- फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग: सामने संभावित टक्कर का अलर्ट देने वाला सिस्टम भी काम करना बंद कर सकता है।
डीलरशिप पर मुफ्त में होगा सॉफ्टवेयर अपडेट
- इस समस्या को ठीक करने के लिए क्रिसलर के डीलर प्रभावित वाहनों के एबीएस मॉड्यूल का सॉफ्टवेयर अपडेट करेंगे। इस काम के लिए ग्राहकों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
- इस तरह कंपनी सॉफ्टवेयर में मौजूद गड़बड़ी को दूर करके ब्रेकिंग सिस्टम और उससे जुड़े सुरक्षा फीचर्स को सामान्य तरीके से काम करने लायक बनाएगी।
स्टेलंटिस के शेयरों में भी गिरावट
रिकॉल की खबर के बीच स्टेलंटिस के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई। फिएट और सिट्रोएन जैसे ब्रांड्स की मालिक इस कंपनी के अमेरिकी शेयर इस साल अब तक करीब 70 फीसदी गिर चुके थे। शुक्रवार को इनमें करीब 5 फीसदी की और गिरावट आई। हालांकि, शेयरों में इस ताजा गिरावट को केवल रिकॉल से जोड़कर नहीं देखा जा सकता।
डीलरशिप भुगतान को लेकर भी कानूनी लड़ाई
- रिकॉल की खबर के अलावा स्टेलंटिस एक अन्य कानूनी मामले को लेकर भी चर्चा में है। कंपनी ने फोर्ड, होंडा और वोक्सवैगन के साथ मिलकर न्यू जर्सी राज्य के एक कानून को रोकने के लिए मुकदमा दायर किया है। यह कानून तय करता है कि वाहन निर्माताओं को वारंटी और रिकॉल से जुड़ी मरम्मत के लिए डीलरों को कितना भुगतान करना होगा।
- इस मामले में कंपनियां कानून को चुनौती दे रही हैं। यानी एक तरफ स्टेलंटिस को अमेरिका में अपनी पिकअप गाड़ियों के सॉफ्टवेयर की खराबी ठीक करनी है, वहीं दूसरी तरफ डीलरशिप भुगतान से जुड़े नियमों को लेकर कानूनी लड़ाई भी लड़नी पड़ रही है।